आजमगढ़। नगर के आराजीबाग स्थित ए एन मेमोरियल चिल्ड्रेन कालेज में परीक्षाफल 2021-22 एवं नीलिमा सोवियर रोस्टर पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन सोमवार को परिसर में किया गया। समारोह का शुभारंभ सरस्वती वंदना से किया गया। इसके बाद मुख्य अतिथि अमित झा डिप्टी पोस्ट मास्टर आजमगढ़ तथा केंंद्रीय विद्यालय के पूर्व प्रवक्ता बजरंगी तिवारी डा भक्तवत्सल सहाय आदि द्वारा संयुक्त रूप से मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया गया। इसके बाद मुख्य अतिथि द्वारा विद्यालय के प्रथम, द्वितीय, तृतीय स्थान पाने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं को शील्ड, मेडल व प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इस दौरान विद्यालय प्रबंधक सुभाष चन्द्र श्रीवास्तव ने कहा कि बच्चों के अंदर अच्छा संस्कार पैदा करने हेतु विद्यालय प्रतिबद्ध है और अभिभावकों से सहयोग की अपेक्षा करता है क्योंकि परिवार ही बच्चों की प्रथम पाठशाला होती है। अध्यक्षीय संबोधन में बजरंगी तिवारी ने बच्चों को जीवन में सफल बनाने हेतु प्रेरित किया। अन्य वक्ताओं में श्री जर्नादन शाही, देवराज, राजेश्वर तिवारी, पुनीत राय, आलोक कुमार श्रीवास्तव आदि शामिल रहे। आंगतुकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए श्रीमती संध्या रानी गौड़ ने छात्रों के उज्जवल भविष्य की कामना किया और अभूतपूर्व आयोजन के लिए सचिन प्रजापति को बधाई दी। संचालन ज्योत्सना पांडेय ने किया। इस अवसर समस्त छात्र-छात्राएं व शिक्षक-शिक्षिकाएं व कर्मचारीगण मौजूद रहे।
