मॉडल पुलिस एक्ट-2006 के अनुरूप आधुनिक पुलिस व्यवस्था लागू करने की मांग, साइबर अपराध नियंत्रण और पुलिस जवाबदेही पर दिया जोर
आजमगढ़। महाराणा जनता पार्टी के आजमगढ़ मंडल अध्यक्ष आलोक सिंह ने प्रदेश में आधुनिक, पारदर्शी और जवाबदेह पुलिस व्यवस्था लागू करने की मांग उठाई है। इस संबंध में उन्होंने जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर पुलिस व्यवस्था में व्यापक सुधार किए जाने की मांग की। उन्होंने बताया कि ज्ञापन मुख्य प्रशासनिक अधिकारी के माध्यम से प्रशासन तक पहुंचाया गया है। साथियों को हिरासत में लिए जाने की परिस्थितियों के बीच आलोक सिंह ने पुलिस सुधारों से जुड़े मुद्दों को शासन तक पहुंचाने की पहल की।
ज्ञापन के माध्यम से आलोक सिंह ने कहा कि वर्तमान समय में पुलिस व्यवस्था को लोकतांत्रिक मूल्यों, मानवाधिकारों और नागरिकों के मौलिक अधिकारों के अनुरूप विकसित करना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि वर्ष 1861 में बने पुराने पुलिस अधिनियम की जगह बदलती परिस्थितियों और आधुनिक जरूरतों के अनुकूल कानून एवं कार्यप्रणाली विकसित की जानी चाहिए।
उन्होंने मॉडल पुलिस एक्ट, 2006 के अनुरूप आवश्यक विधायी और प्रशासनिक सुधार लागू करने की मांग की। साथ ही साइबर अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने, आधुनिक फॉरेंसिक सुविधाओं का विस्तार करने और पुलिस की कार्यप्रणाली में तकनीक के इस्तेमाल को बढ़ावा देने पर जोर दिया। उन्होंने थानों और गश्ती वाहनों में सीसीटीवी कैमरे तथा पुलिसकर्मियों के लिए बॉडी-वॉर्न कैमरों के उपयोग को भी महत्वपूर्ण बताया।
आलोक सिंह ने विवेचना और कानून-व्यवस्था से जुड़े कार्यों को अलग-अलग व्यवस्थित करने की आवश्यकता पर बल दिया। उनका कहना है कि इससे आपराधिक मामलों की जांच को अधिक व्यवस्थित बनाने में मदद मिल सकती है। इसके अलावा पुलिस के खिलाफ मिलने वाली शिकायतों की निष्पक्ष जांच के लिए स्वतंत्र शिकायत प्राधिकरण को प्रभावी बनाने की मांग भी ज्ञापन में शामिल की गई है।
ज्ञापन में पुलिसकर्मियों के लिए बेहतर कार्यदशाएं सुनिश्चित करने और पुलिस तथा आम नागरिकों के बीच विश्वास मजबूत करने के लिए सामुदायिक पुलिसिंग को प्रोत्साहित करने की बात भी कही गई है।
आलोक सिंह ने कहा कि पुलिस सुधारों का उद्देश्य केवल अपराधों पर नियंत्रण करना नहीं, बल्कि नागरिकों के अधिकारों की रक्षा करना, पुलिस की जवाबदेही सुनिश्चित करना और कानून के शासन को मजबूत बनाना भी होना चाहिए। उन्होंने राज्य सरकार से प्रदेश की आवश्यकताओं के अनुरूप आधुनिक पुलिस व्यवस्था विकसित करने के लिए ठोस कदम उठाने का आग्रह किया।
