भक्तिरस में डूबा विद्यालय प्रांगण, बच्चों की प्रस्तुतियों ने मोहा मन
आजमगढ़। तिवारीपुर, सिधारी स्थित महादेवी हायर सेकेंडरी स्कूल में सावन के अंतिम सोमवार के अवसर पर भव्य सावन सेलिब्रेशन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। विद्यालय परिसर को फूलों, रंग-बिरंगी सजावट और आकर्षक झांकियों से सजाया गया, जिससे पूरा प्रांगण भक्तिरस और सावन की छटा से सराबोर नजर आया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने सांस्कृतिक एवं धार्मिक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्रबंधक डीपी मौर्य, एकेडमिक डायरेक्टर रामनयन मौर्य एवं प्रधानाचार्य शत्रुघ्न विश्वकर्मा ने भगवान शिव, माता पार्वती, भगवान गणेश और कार्तिकेय के स्वरूप में सजे बच्चों की पूजा-अर्चना एवं आरती के साथ किया। इस दौरान विद्यालय परिसर में श्रद्धा और उत्साह का माहौल देखने को मिला।
कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय की छात्रा अदिति मिश्रा ने ‘सत्यम शिवम सुंदरम’ गीत की प्रस्तुति से की। इसके बाद छात्राओं ने ‘पार्वती बोली शंकर से’ गीत पर सामूहिक नृत्य प्रस्तुत किया। पारंपरिक वेशभूषा में छात्राओं की मनमोहक प्रस्तुति ने दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं। वहीं विद्यालय के छात्रों ने अघोरी डांस की शानदार प्रस्तुति देकर पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रबंधक डीपी मौर्य ने कहा कि सावन केवल एक त्योहार नहीं, बल्कि अपनी संस्कृति, परंपराओं और प्रकृति से जुड़ने का माध्यम है। ऐसे आयोजन बच्चों में संस्कार, एकता और प्रकृति-प्रेम की भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि विद्यालय का उद्देश्य बच्चों को केवल किताबों तक सीमित रखना नहीं, बल्कि उन्हें अपनी संस्कृति, त्योहारों और लोक परंपराओं से भी परिचित कराना है।
उन्होंने बच्चों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए कहा कि विद्यार्थियों का उत्साह और उनकी प्रतिभा देखकर वह बेहद प्रसन्न हैं। उन्होंने सफल आयोजन के लिए विद्यालय के सभी शिक्षकों, कर्मचारियों और छात्र-छात्राओं को बधाई दी।
कार्यक्रम को सफल बनाने में कोऑर्डिनेटर आनंद मौर्य, दिनेश यादव, रामचरण मौर्य, दीपिका सिंह, मीनाक्षी अस्थाना, धीरेंद्र मोहन, शरद गुप्ता, प्रेमा यादव, आदित्य मिश्रा, अजय यादव, राहुल तिवारी, किशन यादव और आरोही मोदनवाल सहित विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं कर्मचारियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। कार्यक्रम के दौरान बच्चों की प्रस्तुतियों और रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने सभी का मन मोह लिया।
