Breaking News

हेलमेट पहनिए, सुरक्षित रहिए! घूरपुर पुलिस ने फूल देकर समझाया सुरक्षा का महत्व

Spread the love

रिपोर्ट – परवेज आलम 

प्रयागराज। सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और आम नागरिकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से कमिश्नरेट प्रयागराज के थाना घूरपुर में यातायात माह नवंबर 2026 का विधिवत शुभारंभ किया गया। अभियान के पहले दिन घूरपुर पुलिस ने क्षेत्र के प्रमुख चौराहों, सार्वजनिक स्थानों, स्कूलों और बाजारों में जागरूकता अभियान चलाने के साथ ही वाहन चालकों के खिलाफ सघन चेकिंग की। इस दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए ई-चालान काटे गए।

यातायात माह के शुभारंभ के साथ ही पुलिस ने सड़क सुरक्षा को लेकर लोगों को जागरूक करने की पहल तेज कर दी है। अभियान के तहत पुलिसकर्मियों ने वाहन चालकों को हेलमेट पहनने, चार पहिया वाहनों में सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करने, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने और वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल नहीं करने की जानकारी दी। पुलिस ने लोगों को समझाया कि यातायात नियमों का पालन करने से न केवल अपनी जान सुरक्षित रहती है, बल्कि दूसरे राहगीरों की सुरक्षा भी सुनिश्चित होती है।

अभियान के दौरान घूरपुर पुलिस ने बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने वालों, ट्रिपल राइडिंग करने वालों और बिना वैध दस्तावेजों के वाहन चलाने वालों के खिलाफ विशेष चेकिंग अभियान चलाया। नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों पर ई-चालान की कार्रवाई की गई। पुलिस ने नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने के मामलों को गंभीरता से लेते हुए अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों को दोपहिया और चार पहिया वाहन चलाने की अनुमति न दें।

प्रभारी निरीक्षक घूरपुर हरकेश सिंह ने कहा कि यातायात नियमों का पालन करना किसी मजबूरी का हिस्सा नहीं, बल्कि स्वयं और अपने परिवार की सुरक्षा के लिए बेहद आवश्यक है। उन्होंने बताया कि पूरे नवंबर महीने में यातायात जागरूकता और चेकिंग अभियान लगातार जारी रहेगा। नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस ने नागरिकों से नशे की हालत में वाहन नहीं चलाने, सड़क पर हमेशा बाईं ओर चलने और यातायात संकेतों का पालन करने की अपील की।

इस जागरूकता एवं चेकिंग अभियान में प्रभारी निरीक्षक हरकेश सिंह के साथ उपनिरीक्षक आशुतोष सिंह, उपनिरीक्षक विशाल चौहान, कांस्टेबल दीपक कुमार, कांस्टेबल मनोज सिंह यादव, महिला कांस्टेबल प्रज्ञा शुक्ला और रिजर्व महिला कांस्टेबल सुषमा यादव सहित पुलिस टीम मौजूद रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published.

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial