Breaking News

दीपावली की खुशियां मातम में बदलीं: कोढ़वा गांव में गोलीबारी से युवक की मौत, एक आरोपी घायलावस्था में गिरफ्तार

Spread the love

आज़मगढ़। दीपावली की जगमगाती रात कोढ़वा गांव के लिए दर्दनाक हादसे में बदल गई। जहानागंज थाना क्षेत्र के इस गांव में सोमवार देर रात भंडारे के दौरान खाना खाने को लेकर दो पट्टीदारों के बीच कहासुनी इतनी बढ़ गई कि देखते ही देखते गोली चल गई। गोली लगने से 18 वर्षीय विवेक यादव की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि आरोपी विशाल सिंह को पुलिस ने घायलावस्था में गिरफ्तार कर लिया है।

घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई। दीपों की रोशनी में अचानक मातम और चीख-पुकार गूंजने लगी। बताया जा रहा है कि भंडारे में भोजन परोसने को लेकर दोनों पक्षों में पहले कहासुनी हुई थी। ग्रामीणों ने बीच-बचाव कर मामला शांत करा दिया, लेकिन कुछ देर बाद विवाद दोबारा भड़क उठा। इस बार एक पक्ष ने गुस्से में असलहा निकालकर फायरिंग कर दी।

गोली विवेक यादव के सीने में जा लगी। परिजन उसे आनन-फानन में शहर के निजी अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। दीपावली की खुशियों से भरी रात विवेक के परिवार के लिए मातम का दिन बन गई।

घटना की सूचना मिलते ही एसएसपी डॉ. अनिल कुमार, एसपी सिटी मधुबन कुमार सिंह, फॉरेंसिक टीम और भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया, साक्ष्य जुटाए और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें गठित कीं।

अपर पुलिस अधीक्षक नगर मधुबन कुमार सिंह ने बताया कि “यह मामला थाना जहानागंज का है। पूर्व में पंजीकृत मुकदमा अपराध संख्या 320/2025 में नामजद अभियुक्त विशाल सिंह पुत्र संतोष सिंह को घायल अवस्था में गिरफ्तार किया गया है। उसके हाथ और पैर में चोटें हैं। उसे इलाज हेतु सदर अस्पताल भेजा गया है और आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।”

मृतक के परिजनों ने छह लोगों के खिलाफ नामजद तहरीर दी है। पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है।

एसएसपी डॉ. अनिल कुमार ने कहा, “दो पट्टीदारों के आपसी विवाद में यह घटना हुई है। सभी अभियुक्तों को शीघ्र गिरफ्तार कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।”

फिलहाल गांव में तनावपूर्ण शांति बनी हुई है और भारी पुलिस बल तैनात है। दीपों की जो रात रोशनी बांटने आई थी, वह कोढ़वा गांव के लिए हमेशा के लिए अंधेरी याद बन गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published.

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial