Breaking News

आजमगढ़ में नकली दूध का खेल उजागर, 200 लीटर केमिकल युक्त दूध बरामद

Spread the love

आजमगढ़ : दूध जैसे रोज़मर्रा के जरूरी खाद्य पदार्थ में मिलावट कर लोगों की सेहत से खिलवाड़ करने वाले गिरोह का देवगांव थाना पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। पुलिस और खाद्य सुरक्षा विभाग की संयुक्त कार्रवाई में केमिकल से कृत्रिम दूध बनाने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि उसका साथी मौके से फरार हो गया। इस कार्रवाई में 200 लीटर से अधिक मिलावटी दूध और भारी मात्रा में खतरनाक रसायन बरामद किए गए हैं।

 

आजमगढ़ जिले के देवगांव थाना क्षेत्र में एक डेयरी प्रबंधक रजनीकांत मिश्रा ने पुलिस को सूचना दी थी कि ग्राम सोफीपुर निवासी संतोष कुमार, जो दूध का टैंकर (407) चलाता है और डेयरी में दूध की सप्लाई करता है, संदिग्ध गतिविधियों में लिप्त है। सूचना के आधार पर पुलिस विभाग और खाद्य सुरक्षा विभाग की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर छापेमारी की।

छापेमारी के दौरान पुलिस ने पाया कि संतोष कुमार अपने मकान मालिक प्रमोद राय के साथ मिलकर मकान में केमिकल मिलाकर कृत्रिम दूध तैयार कर रहा था। मौके से करीब 200 लीटर मिलावटी दूध, 40 लीटर केमिकल युक्त रिफाइंड सोयाबीन तेल, एक बोरी यूरिया समेत बड़ी मात्रा में अन्य रसायन बरामद किए गए। इस कार्रवाई की पुष्टि भूपेश कुमार पांडे, क्षेत्राधिकारी लालगंज ने की।

गिरफ्तार अभियुक्त संतोष कुमार ने पूछताछ में कबूल किया कि लालच में आकर वह अपने मकान मालिक प्रमोद राय के साथ मिलकर केमिकल से कृत्रिम दूध तैयार करता था। वह टैंकर में मौजूद असली दूध को आंशिक रूप से निकालकर उसमें कृत्रिम दूध मिलाकर डेयरी में सप्लाई करता था। वहीं, निकाले गए असली दूध को प्रमोद राय अपना बताकर काशी डेयरी, मिर्जाआदमपुर में बेच देता था।

इस संयुक्त अभियान में खाद्य विभाग के राजीव कुमार सिंह, शीत सिंह, लालमणि यादव और अनिल कुमार के साथ पुलिस की ओर से सब-इंस्पेक्टर राकेश कुमार सिंह व प्रवीण दुबे शामिल रहे। बताया गया कि गिरफ्तार आरोपी मूल रूप से एटा जिले का निवासी है, जबकि मुख्य आरोपी और मकान मालिक प्रमोद राय मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश तेज कर दी गई है।

पुलिस और खाद्य सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि मिलावटखोरी किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी और आम जनता की सेहत से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published.

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial