Breaking News

विकास के रथ पर सवार सपा विधायक संग्राम , छात्रा ने बताया अखिलेश होने के मायने …

Spread the love

उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले के अतरौलिया विधानसभा क्षेत्र से विकास और सामाजिक सौहार्द की एक तस्वीर सामने आई है। क्षेत्र के सरैया गांव में समाजवादी पार्टी के विधायक डॉ. संग्राम यादव ने नव-निर्मित सीसी रोड का लोकार्पण किया। इस अवसर को खास बनाते हुए विधायक ने सड़क का फीता गांव की ही एक छात्रा से कटवाया, जिसे ग्रामीणों ने बेटियों के सम्मान और सशक्तिकरण की मिसाल बताया।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणों की मौजूदगी देखने को मिली। विश्वकर्मा समाज, प्रजापति समाज, सवर्ण समाज और मुस्लिम समुदाय के लोग एक साथ मंच के आसपास जुटे रहे। गांव की महिलाएं और बच्चे भी इस खुशी के पल का हिस्सा बने। ग्रामीणों ने बताया कि पहले इस रास्ते पर जलजमाव और गंदगी की समस्या बनी रहती थी, जिससे स्कूल जाने वाले बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को भारी परेशानी होती थी। अब सीसी रोड बनने से गांव का संपर्क मुख्य मार्ग से सुगम हो गया है।

वहीँ सपा विधायक से मीडिया की बातचीत के दौरान फीता काटने वाली छात्रा बीच में बोल उठी ..छात्रा ने समाजवादी पार्टी सरकार की योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि अखिलेश यादव के कार्यकाल में बेटियों को कन्या विद्याधन योजना के तहत 30 हजार रुपये की सहायता मिली थी और लैपटॉप वितरण से पढ़ाई को नई दिशा मिली। छात्रा की बेबाक बातों पर मौजूद लोग मुस्कुरा उठे और तालियों से उसका उत्साह बढ़ाया।

इस दौरान विधायक डॉ. संग्राम यादव ने कहा कि उनका प्रयास है कि गांव की हर गली को पक्की सड़क से जोड़ा जाए ताकि ग्रामीणों को शहर जैसी सुविधाएं मिल सकें। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में करीब 60 से अधिक सीसी सड़कें तैयार हो चुकी हैं या निर्माण के अंतिम चरण में हैं। हर सप्ताह दो से तीन सड़कों का लोकार्पण कर जनता को समर्पित किया जा रहा है।

विधायक ने सामाजिक एकता पर जोर देते हुए कहा कि अतरौलिया की धरती हमेशा भाईचारे की मिसाल रही है, जहां जाति और धर्म से ऊपर उठकर लोग एक-दूसरे के सुख-दुख में साथ खड़े रहते हैं। उन्होंने बेटियों की शिक्षा को समाज की प्रगति का आधार बताते हुए कहा कि जब बेटियां आगे बढ़ेंगी, तभी गांव और देश मजबूत बनेगा।

सरैया गांव में हुआ यह आयोजन न सिर्फ एक सड़क का उद्घाटन रहा, बल्कि विकास के साथ सामाजिक सद्भाव और बेटियों के सम्मान का संदेश भी लेकर आया।

Leave a Reply

Your email address will not be published.

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial