Breaking News

मुबारकपुर में बुनकर पंचायत का आयोजन, हक और सुविधाओं के लिए एकजुट होने का आह्वान

Spread the love

 रिपोर्ट – मो. शकीब अंसारी, आज़मगढ़ 

आज़मगढ़ :- मुबारकपुर में बुनकरों की समस्याओं और अधिकारों को लेकर एक महत्वपूर्ण बुनकर पंचायत का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम अल्जामिअतुल अशरफिया यूनिवर्सिटी के निकट बुनकर नेता गुफरान अहमद के आवास पर संपन्न हुआ। पंचायत में मुबारकपुर के साथ-साथ मऊ, खैराबाद अतरारी, वलीदपुर भीरा और जहानगंज से आए बुनकर प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया और अपने-अपने क्षेत्रों की जमीनी समस्याओं को साझा किया।

पंचायत का मुख्य उद्देश्य बुनकरों को जागरूक करना और उन्हें अपने अधिकारों की रक्षा के लिए संगठित करना रहा, ताकि वे सरकार से योजनाओं और सुविधाओं की प्रभावी मांग कर सकें। वक्ताओं ने कहा कि बुनकर समाज आज आजीविका, कच्चे माल की कीमत, बाजार तक पहुंच और सरकारी योजनाओं के लाभ में बाधाओं जैसी गंभीर चुनौतियों से जूझ रहा है।

बुनकर यूनियन के पूर्व सचिव जावेद अख्तर भारती ने अपने संबोधन में सरकार की नीतियों पर सवाल उठाते हुए कहा कि बुनकरों की भलाई के दावे तो किए जाते हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर परिणाम नजर नहीं आते। इससे मेहनतकश बुनकरों पर दोहरी मार पड़ रही है और रोजी-रोटी का संकट गहराता जा रहा है। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधि बुनकरों से वोट तो लेते हैं, लेकिन उनकी समस्याओं की सुध नहीं लेते। इसी कारण बुनकर पंचायतों के गठन का निर्णय लिया गया है। उन्होंने बताया कि टांडा और मुहम्मदाबाद गोहना में भी बैठकें हो चुकी हैं और अब तक करीब 50 पंचायतें गठित की जा चुकी हैं। यह अभियान रमज़ान के बाद भी जारी रहेगा, जिससे जागरूकता, एकता और आपसी सहमति मजबूत होगी।

बुनकर नेता ऐन मुजफ्फर अंसारी ने कहा कि जब बुनकर समाज राजनीतिक और शैक्षिक क्षेत्रों में आगे बढ़ेगा, तब सफलता उनके कदम चूमेगी। उन्होंने बुनकरों के बीच बढ़ते आर्थिक असमानता पर चिंता जताई।

कार्यक्रम का संचालन करते हुए गुफरान अहमद ने बुनकर परिषद को समाप्त कर बुनकरों के लिए अलग बजट की मांग उठाई। पंचायत में यह भी निर्णय लिया गया कि जो भी बुनकर समाज के बेटे को राज्यसभा, विधानसभा या विधान परिषद तक पहुंचाने में सहयोग करेगा, बुनकर समाज उसका समर्थन करेगा।

बैठक में मुहम्मद अंजार कादरी, फैजान अहमद, अजहरुल हक, अनवारुल हक, अजीजुल्लाह, नूरुल इस्लाम, फैजुल हक, नूर मुहम्मद नूरी, मुख्तार मंसूरी, नियाज अहमद, नफीस अहमद, महफूज, मुहम्मद इस्माइल, एहसान अहमद, अहमद जमाल, अब्दुल हलीम, मुहम्मद अज़ीम, हबीब हाशमी और मुहम्मद आरिफ मुबारकपुरी सहित बड़ी संख्या में बुनकर प्रतिनिधि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published.

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial