Breaking News

आजमगढ़ में देर रात मुठभेड़, एक गोतस्कर घायल, दूसरा गिरफ्तार

Spread the love

आजमगढ़ : गोतस्करी के खिलाफ पुलिस की सख्ती लगातार जारी है। बीते 24 घंटे के भीतर जिले में दूसरी बार पुलिस और गोतस्करों के बीच मुठभेड़ हुई है। जहानागंज थाना क्षेत्र में देर रात हुई इस कार्रवाई में एक गोतस्कर घायल हुआ, जबकि उसके साथी को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने घटनास्थल से हथियार, कारतूस, पिकअप वाहन और एक बछड़ा बरामद कर बड़ी सफलता हासिल की है।

बता दे कि जहानागंज थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम गम्भीरवन स्थित बड़ैला ताल के पास देर रात पुलिस और गोतस्करों के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि एक पिकअप वाहन में गोवंश लादकर तस्करी की जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी कर संदिग्ध वाहन को रोकने का प्रयास किया।

एसपी सिटी मधुबन कुमार सिंह के अनुसार, खुद को घिरता देख बदमाशों ने पुलिस पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने बार-बार आत्मसमर्पण की चेतावनी दी, लेकिन बदमाश फायरिंग करते रहे। इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक बदमाश के बाएं पैर में गोली लग गई। घायल बदमाश को मौके पर काबू कर लिया गया, जबकि उसके दूसरे साथी को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।

घायल अभियुक्त की पहचान मोहीम अहमद निवासी कोटिला कंकाली टोला, थाना रानी की सराय के रूप में हुई है। वहीं गिरफ्तार दूसरे अभियुक्त का नाम सुनील कुमार निवासी जलाईपुर ऊँचेगांव, थाना रानी की सराय बताया गया है। घायल अभियुक्त को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है।

पुलिस ने अभियुक्तों के कब्जे से एक अवैध तमंचा, दो जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस, एक पिकअप वाहन तथा गोवंश में एक बछड़ा बरामद किया है। पूछताछ में दोनों अभियुक्तों ने संगठित रूप से गोवध और गौ-तस्करी में संलिप्तता स्वीकार की है। उन्होंने बताया कि वे छुट्टा जानवरों को वाहनों में भरकर निर्जन स्थानों पर ले जाते थे, जहां अवैध रूप से वध कर मांस ऊंचे दामों पर बेचते और साक्ष्य मिटाने के लिए अवशेष जमीन में गाड़ देते थे।

पुलिस के अनुसार, घायल अभियुक्त मोहीम अहमद के खिलाफ गोवध, गौ-तस्करी, लूट, चोरी, आर्म्स एक्ट और पशु क्रूरता सहित कुल आठ मुकदमे पहले से दर्ज हैं, जबकि गिरफ्तार अभियुक्त सुनील कुमार पर भी दो आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। घटनास्थल को सुरक्षित कर फील्ड यूनिट द्वारा साक्ष्य संकलन किया गया है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि गोतस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी सख्ती से जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published.

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial