Breaking News

प्रयागराज में रोडवेज चालक की सिर पर पत्थर मारकर हत्या, गुस्साए ग्रामीणों ने किया हाईवे जाम

Spread the love

रिपोर्ट – परवेज आलम 

प्रयागराज के धूमनगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत सुलेम सराय में मंगलवार दोपहर दो पक्षों के बीच हुई मारपीट के दौरान रोडवेज चालक की सिर पर पत्थर मारकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद इलाके में तनाव फैल गया और गुस्साए ग्रामीणों ने प्रयागराज–कानपुर हाईवे पर शव रखकर चक्का जाम कर दिया।

जानकारी के अनुसार, नीमसराय निवासी 40 वर्षीय रावेंद्र कुमार उर्फ मुन्नू, जो रोडवेज में संविदा चालक थे, मंगलवार की दोपहर करीब एक बजे किसी काम से मुंडेरा चुंगी पेट्रोल पंप के पास गए थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर उनकी कुछ लोगों से कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, रावेंद्र ने बचने की कोशिश की लेकिन हमलावरों ने उन्हें घेर लिया और सड़क पर गिराकर पत्थर से उनके सिर पर हमला कर दिया। सिर पर गहरी चोट लगने से वह मौके पर ही लहूलुहान होकर गिर पड़े। लोगों के शोर मचाने पर आरोपी मौके से भाग निकले।

स्थानीय लोगों ने तुरंत रावेंद्र को निजी अस्पताल पहुंचाया, जहाँ से उन्हें एसआरएन अस्पताल रेफर किया गया। लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर मिलते ही परिजनों और ग्रामीणों में गुस्सा फूट पड़ा। सैकड़ों लोग अस्पताल से शव लेकर घटनास्थल पहुंचे और हाईवे पर जाम लगा दिया।

घटना की सूचना पर पुलिस और पीएसी की टीम मौके पर पहुँची और लोगों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन ग्रामीणों ने हंगामा करते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की।

परिजनों का कहना है कि रावेंद्र का किसी से कोई पुराना विवाद नहीं था, इसलिए यह हत्या साजिश के तहत की गई लगती है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

धूमनगंज थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा। इस घटना से पूरे क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published.

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial