Breaking News

आजमगढ़ में छापेमारी से हड़कंप, पुलिस ने पकड़ा पटाखों का जखीरा

Spread the love

आजमगढ़ दीपावली से पहले जिले में अवैध पटाखों के निर्माण व भंडारण के खिलाफ पुलिस का विशेष अभियान जारी है। इसी क्रम में शुक्रवार की शाम पुलिस ने जिले के दो थाना क्षेत्रों—शहर कोतवाली और अहरौला—में एक साथ छापेमारी कर बड़ी मात्रा में अवैध आतिशबाजी बरामद की। पुलिस की इस कार्रवाई से जिलेभर में हड़कंप मच गया है।
पहली कार्रवाई शहर कोतवाली क्षेत्र के मुख्य चौक के पास फराश टोला की एक तंग गली में की गई, जहां पुलिस टीम ने छापेमारी कर विभिन्न ब्रांडों के करीब 2 कुंतल 90 किलो अवैध पटाखे बरामद किए। बरामद आतिशबाजी की बाजार कीमत लगभग 3 लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस के अनुसार, बरामद सामग्री में बम, रॉकेट, चरखी, अनार, चटाई समेत कई तरह के विस्फोटक पटाखे शामिल हैं। बताया गया कि यह गोदाम स्थानीय दुकानदार विशाल गुप्ता की दुकान से जुड़ा हुआ था, जिसके खिलाफ विस्फोटक अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।
अपर पुलिस अधीक्षक (नगर) मधुबन कुमार सिंह ने बताया कि शासन के निर्देश पर जिले में अवैध पटाखों के खिलाफ अभियान लगातार चलाया जा रहा है। बीते दिनों सरायमीर में भी इसी तरह की कार्रवाई की गई थी। अब शहर कोतवाली क्षेत्र में बड़ी मात्रा में पटाखे बरामद हुए हैं। पुलिस आगे भी ऐसे अवैध कारोबारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रखेगी।
दूसरी कार्रवाई जिले के अहरौला थाना क्षेत्र में की गई, जहां मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने अहरीला पुल के पास वाहनों की सघन चेकिंग शुरू की। इसी दौरान पुलवरिया की तरफ से आ रही एक पिकअप (UP50 DT0176) को रोका गया। वाहन की तलाशी में चार बोरी और दो झोले में 200 पैकेट अवैध पटाखे मिले। वाहन चालक की पहचान विन्ध्याचल गुप्ता निवासी मतलूपुर, थाना अहरौला के रूप में हुई। वह पटाखों के भंडारण और बिक्री का कोई लाइसेंस नहीं दिखा सका।
अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) चिराग जैन ने बताया कि आरोपी के खिलाफ धारा 9(ख)(1ख) विस्फोटक अधिनियम 1984 और धारा 125, 287 BNS के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया गया है। बरामद पटाखों को सीज कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि दीपावली के मद्देनजर जिले में अवैध पटाखों के निर्माण, भंडारण और बिक्री पर लगातार निगरानी रखी जाएगी और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published.

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial