आज़मगढ़। जिले की बिलरियागंज पुलिस को उस वक्त बड़ी सफलता मिली जब बृहस्पतिवार की देर रात पुलिस टीम की मुठभेड़ में 25 हज़ार रुपये का इनामी अपराधी आदिल घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस की गोलीबारी में उसके पैर में चोट आई है और उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के मुताबिक थाना बिलरियागंज पुलिस टीम इलाके में चेकिंग कर रही थी, तभी संदिग्ध हालत में एक मोटरसाइकिल सवार को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस को देखते ही उसने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली आदिल को लगी और उसे दबोच लिया गया। मौके से पुलिस ने एक तमंचा .315 बोर, दो जिंदा कारतूस, दो खोखा कारतूस, एक मोबाइल फोन, अपाचे मोटरसाइकिल और 2000 रुपये नकद बरामद किए।
पुलिस रिकार्ड खंगालने पर सामने आया कि आदिल कोई सामान्य अपराधी नहीं, बल्कि जिले का कुख्यात गैंगस्टर है। उसके खिलाफ आज़मगढ़ जनपद के विभिन्न थानों में अवैध हथियार रखने, चोरी, नकबजनी, लूट, डकैती, गौतस्करी, गौवध और गैंगेस्टर एक्ट सहित करीब 30 मुकदमे दर्ज हैं। यही नहीं, लंबे समय से पुलिस उसकी तलाश कर रही थी और उसकी गिरफ्तारी पर 25,000 रुपये का इनाम भी घोषित किया गया था।
अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) चिराग जैन ने मीडिया से बातचीत में बताया कि आदिल बेहद शातिर अपराधी है और उसका आपराधिक नेटवर्क कई जिलों तक फैला हुआ था। उन्होंने कहा, “आदिल की गिरफ्तारी से इलाके में सक्रिय अपराधियों के मनोबल पर बड़ा असर पड़ेगा। पुलिस आगे भी अपराधियों के खिलाफ सख्त अभियान चलाती रहेगी।”
पुलिस सूत्रों के अनुसार, आदिल चोरी और नकबजनी से लेकर लूट और डकैती जैसी वारदातों में सीधे तौर पर शामिल रहा है। इसके अलावा गौतस्करी और गौवध जैसे मामलों में भी वह वांछित था। गैंगेस्टर एक्ट में नामजद आदिल की गिरफ्तारी को पुलिस ने बड़ी उपलब्धि माना है।
वहीं आमजन मानस में चर्चा है कि इलाके में लंबे समय से आदिल के कारण दहशत का माहौल था। कई बार उसकी हरकतों से गांव और कस्बों में लोग परेशान रहे। अब पुलिस की इस कार्रवाई के बाद लोगों ने राहत की सांस ली है।
पुलिस ने आदिल के अन्य साथियों और नेटवर्क की तलाश शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही अपराधियों के खिलाफ और भी बड़ी कार्रवाई देखने को मिलेगी।
