Breaking News

आज़मगढ़ में पुलिस मुठभेड़, लूट की चार वारदातों में शामिल आरोपी गिरफ्तार

Spread the love

आज़मगढ़। जिले की कोतवाली पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान लूट की चार वारदातों में शामिल एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान शिवम यादव के रूप में हुई है, जिसके विरुद्ध नौ गंभीर आपराधिक मुकदमे पहले से दर्ज हैं।

मामला 6 सितंबर का है, जब पीड़ित विशाल यादव ने पुलिस को शिकायती पत्र देकर बताया कि उसकी भाभी के साथ झपट्टा मारकर लूट की घटना हुई। दो अज्ञात बाइक सवार लुटेरों ने महिला के गले से सोने की चेन और कान की बाली छीनकर फरार हो गए थे। इसी तरह बलिया की रहने वाली एक महिला ने भी कोतवाली थाने में इसी तरह की शिकायत दर्ज कराई थी। लगातार मिल रही शिकायतों के बाद पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई थी।

पुलिस को शुक्रवार की शाम बाग लखराव गांव के पास चेकिंग के दौरान सूचना मिली कि संदिग्ध बाइक सवार इलाके से गुजरने वाले हैं। इस पर कोतवाली पुलिस ने नाकेबंदी कर संदिग्धों को रोकने का प्रयास किया। तभी आरोपियों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की कंट्रोल फायरिंग में एक बदमाश के पैर में गोली लग गई। घायल बदमाश को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया, जहां उसकी पहचान शिवम यादव के रूप में हुई।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से लूट में इस्तेमाल की गई बाइक, एक तमंचा और 5700 रुपये नगद बरामद किए हैं। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी महिलाओं को निशाना बनाने से पहले उनकी रेकी करता था। इसके बाद मौका पाकर झपट्टा मारकर सोने-चांदी के आभूषण लूट लेता था। लूट के बाद वह और उसके साथी आभूषणों की बिक्री कर पैसे आपस में बांट लेते थे।

मामले का खुलासा करते हुए एसपी सिटी मधुबन कुमार सिंह ने बताया कि शिवम यादव महिलाओं से लूट की वारदातों को अंजाम देने वाला शातिर अपराधी है। उसके खिलाफ पहले से ही कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस टीम की सतर्कता से एक और बड़ी वारदात टल गई।

इस अभियान में कोतवाली प्रभारी यादवेंद्र पांडे और सब-इंस्पेक्टर राज नारायण पांडे की विशेष भूमिका रही। पुलिस का कहना है कि फरार अन्य आरोपियों की तलाश जारी है और जल्द ही पूरे गिरोह का पर्दाफाश किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published.

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial