Breaking News

अखिलेश यादव का बड़ा हमला: 2027 में होगा खेला, बीजेपी सरकार पर गंभीर आरोप

Spread the love

लखनऊ। समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने बुधवार को राजधानी लखनऊ स्थित पार्टी मुख्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर योगी आदित्यनाथ सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि प्रदेश की कानून व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार केवल तमाशबीन बनी बैठी है। अखिलेश ने वोट चोरी, जमीन कब्जे और गोरखधंधों के मुद्दे उठाते हुए भाजपा पर सीधा हमला बोला और कहा कि 2027 का चुनाव “खेला” का चुनाव होगा।

वोट चोरी और फर्जीवाड़े का आरोप

अखिलेश यादव ने भाजपा पर चुनावी फर्जीवाड़े का बड़ा आरोप लगाते हुए कहा कि कई जिलों, खासकर नोएडा में, एक ही घर पर हजारों वोट बना दिए गए हैं। उन्होंने दावा किया कि भाजपा के पास ऐसी मशीनें हैं, जो चुनाव वाले दिन फर्जी आधार कार्ड बनाकर फर्जी वोट डलवाने का काम करती हैं। अखिलेश ने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर पर सतर्क रहने और जनता को जागरूक करने की अपील की।

उन्होंने कहा, “अगर चुनाव ईमानदारी से हो जाए तो भाजपा का नामोनिशान मिट जाएगा। भाजपा ने लोकतंत्र की जड़ें खोखली कर दी हैं।”

जमीन कब्जे और गोरखधंधे पर हमला

सपा प्रमुख ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार भूमाफियाओं के साथ मिलकर प्रदेश में जमीनों पर कब्जा कराने का काम कर रही है। उन्होंने कहा कि अयोध्या और वाराणसी के बाद अब गोरखपुर में भी जमीन को लेकर बड़ा गोरखधंधा चल रहा है।

अखिलेश ने गोरखपुर की हालिया घटना का जिक्र करते हुए कहा कि वहां अन्याय और उत्पीड़न चरम पर है। उन्होंने याद दिलाया कि 2022 चुनाव से पहले पुलिस की ज्यादती के चलते एक व्यापारी की मौत हुई थी और अब एक डॉक्टर युवक की मौत ने पूरे प्रदेश को हिला दिया है। उन्होंने कहा कि उस डॉक्टर की मौत का वीडियो इतना भयावह है कि कोई भी देख नहीं सकता।

विकास कार्यों का श्रेय

अखिलेश यादव ने भाजपा पर विकास कार्यों का श्रेय लेने का भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि नोएडा से ग्रेटर नोएडा तक मेट्रो परियोजना, मल्टी लेवल पार्किंग और कई बड़ी योजनाएं समाजवादी सरकार की देन हैं। भाजपा सरकार इन कामों के आसपास भी नहीं भटकी।

उन्होंने केंद्र सरकार से पंजाब की खुशहाली के लिए 15 हजार करोड़ रुपये की मांग की और यूपी में बाढ़ से हुए नुकसान की भरपाई करने की अपील भी की।

चुनावी वादे और घोषणाएं

अखिलेश यादव ने जनता से वादा किया कि 2027 में समाजवादी पार्टी सत्ता में लौटेगी तो युवाओं को फिर से टैबलेट और लैपटॉप दिए जाएंगे। साथ ही कन्या विद्या धन योजना को पुनः शुरू किया जाएगा। उन्होंने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में नया इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार किया जाएगा और रोजगार के अवसर बढ़ाए जाएंगे।

उन्होंने कहा, “हमारी सरकार बनेगी तो जनता को न्याय, सुरक्षा और विकास की गारंटी मिलेगी। भाजपा की राजनीति केवल नफरत और झूठ पर आधारित है, लेकिन जनता अब सच समझ चुकी है।”

विदेश नीति पर केंद्र पर निशाना

सिर्फ प्रदेश ही नहीं, बल्कि राष्ट्रीय स्तर पर भी अखिलेश ने भाजपा सरकार को कठघरे में खड़ा किया। उन्होंने कहा कि मौजूदा केंद्र सरकार की विदेश नीति पूरी तरह विफल साबित हुई है। पड़ोसी देशों से संबंध खराब हो चुके हैं और देश अंतरराष्ट्रीय मंच पर पिछड़ता जा रहा है।

2027 के चुनाव का संकेत

प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान अखिलेश यादव ने 2027 विधानसभा चुनाव की रणनीति का संकेत भी दिया। उन्होंने कहा कि भाजपा को हराने के लिए समाजवादी पार्टी पूरी ताकत से चुनाव लड़ेगी। उन्होंने दावा किया कि जनता अब भाजपा के छलावे में आने वाली नहीं है।

उन्होंने कहा, “2027 में यूपी की जनता भाजपा सरकार को उखाड़ फेंकेगी। इस बार खेला बड़ा होगा और सपा सत्ता में लौटेगी।”

Leave a Reply

Your email address will not be published.

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial