Breaking News

DM कार्यालय पर महिलाओं के साथ दबंगई, होम गार्डों ने की अभद्रता, मोबाइल छीना और मीडिया कर्मियों से भी भिड़े….

Spread the love

बलिया से बड़ी खबर: DM कार्यालय पर महिलाओं के साथ दबंगई, होम गार्डों ने की अभद्रता, मोबाइल छीना और मीडिया कर्मियों से भी भिड़े

बलिया। जिले से शुक्रवार को एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। डीएम कार्यालय परिसर में फरियाद लेकर पहुंची महिलाओं के साथ होम गार्डों ने न केवल अभद्रता की बल्कि हाथापाई तक कर दी। महिलाओं ने हाथ जोड़कर रहम की गुहार लगाई, लेकिन दबंग होम गार्डों का दिल नहीं पसीजा।

दरअसल, मामला बलिया के उस युवक से जुड़ा है जिसकी मौत एसिड अटैक में हो गई थी। मृतक के परिजन और महिलाएं आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग लेकर डीएम से मिलने पहुंचे थे। लेकिन जैसे ही महिलाएं कार्यालय परिसर में दाखिल हुईं, वहां तैनात होम गार्डों ने जबरन उन्हें रोक लिया। आरोप है कि इस दौरान नशे में धुत होम गार्डों ने पीड़ित महिलाओं को धक्का दिया, पिटाई की और उनका मोबाइल छीन लिया।

यही नहीं, मौके पर मौजूद मीडिया कर्मियों से भी होम गार्ड भिड़ गए। मीडिया वालों के कैमरा और मोबाइल छीनने का प्रयास किया गया, जिससे वहां अफरा-तफरी मच गई।

पीड़िता महिला सरिता ने मीडिया से कहा,

“हम लोग एसिड अटैक में मारे गए बेटे को न्याय दिलाने की गुहार लेकर डीएम कार्यालय पहुंचे थे। लेकिन यहां तैनात होम गार्डों ने हमारे साथ धक्का-मुक्की की, मोबाइल छीन लिया और बदसलूकी की। हमने हाथ जोड़कर कहा कि हमें डीएम साहब से मिलने दीजिए, लेकिन उन्होंने हमारी एक न सुनी।”

महिलाओं का आरोप है कि होम गार्ड पूरी तरह नशे की हालत में थे और किसी को भी अंदर जाने नहीं दे रहे थे। घटना से आक्रोशित महिलाएं रो-रोकर न्याय की गुहार लगाने लगीं।

इस पूरे घटनाक्रम से डीएम कार्यालय परिसर में हड़कंप मच गया। एक ओर पीड़ित परिजन इंसाफ की उम्मीद लेकर पहुंचे थे, वहीं दूसरी ओर नशे में धुत्त सुरक्षाकर्मी दबंगई दिखाते नज़र आए।

स्थानीय लोगों का कहना है कि यह बलिया प्रशासन की बड़ी नाकामी है, जहां न्याय मांगने वालों को सुरक्षा देने के बजाय सुरक्षा कर्मियों के हाथों अपमान झेलना पड़ा।

फिलहाल मामले ने तूल पकड़ लिया है। लोग सवाल उठा रहे हैं कि जब डीएम कार्यालय परिसर में ही फरियादियों के साथ इस तरह की बदसलूकी हो सकती है तो आम जनता न्याय की उम्मीद कहां लेकर जाए?

 बलिया में यह घटना प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर रही है और पीड़ित परिजन अब उच्च अधिकारियों से न्याय की गुहार लगा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published.

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial