Breaking News

आजमगढ़ : 14 साल से फरार शंकर कनौजिया एसटीएफ की कार्रवाई में हुआ ढेर

Spread the love

लूट और हत्या का कुख्यात अपराधी शंकर कनौजिया मुठभेड़ में मारा गया

उत्तर प्रदेश स्पेशल टास्क फोर्स को शनिवार को बड़ी कामयाबी मिली, जब आजमगढ़ जिले में मुठभेड़ के दौरान एक लाख रुपये के इनामी कुख्यात अपराधी शंकर कनौजिया को मार गिराया गया….। वाराणसी एसटीएफ यूनिट ने जहानागंज थाना क्षेत्र में हुई इस कार्रवाई के दौरान उसके कब्जे से कार्बाइन, पिस्टल, खुखरी और भारी मात्रा में कारतूस बरामद किए….।

आजमगढ़ जिले के रौनापार थाना क्षेत्र के ग्राम हाजीपुर निवासी शंकर कनौजिया पर लूट, हत्या और अपहरण जैसे संगीन अपराधों के नौ मुकदमे दर्ज थे। वह वर्ष 2011 से फरार चल रहा था। इस दौरान उसने कई जघन्य वारदातों को अंजाम दिया। विशेष तौर पर उसकी पहचान हत्या के बाद शव का सिर गायब करने की क्रूर शैली से होती थी, ताकि पीड़ित की पहचान न हो सके। वाराणसी के एडीजी ने सितंबर 2024 में उसकी गिरफ्तारी पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया था।

शनिवार को एसटीएफ को सूचना मिली कि शंकर अपने गिरोह के साथ किसी बड़ी वारदात की फिराक में है। इस पर एसटीएफ निरीक्षक के नेतृत्व में टीम ने जहानागंज थाना क्षेत्र में चेकिंग और घेराबंदी शुरू की। पुलिस को देखते ही शंकर ने फायरिंग शुरू कर दी। आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई करते हुए एसटीएफ ने फायरिंग की, जिसमें शंकर गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे राजकीय मेडिकल कॉलेज, चक्रपानपुर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

एसपी ग्रामीण चिराग जैन ने बताया कि शंकर ने वर्ष 2011 में दोहरीघाट क्षेत्र में लूट के दौरान व्यापारी विंध्याचल पांडेय की गला काटकर हत्या कर दी थी और सिर गायब कर दिया था। इसके बाद से वह फरार हो गया। जुलाई 2024 में उसने जीयनपुर क्षेत्र में एक व्यक्ति का अपहरण कर लोडर गाड़ी लूटी और हत्या कर सिर धड़ से अलग कर दिया। इसी वारदात के बाद उसके ऊपर इनाम घोषित किया गया था।

एसटीएफ की इस कार्रवाई से जिले में दहशत फैलाने वाला एक बड़ा अपराधी ढेर हो गया। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और फील्ड यूनिट ने आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि शंकर के अन्य साथियों की तलाश जारी है और उसके आपराधिक नेटवर्क की जानकारी खंगाली जा रही है।
एसटीएफ और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में इनामी अपराधी शंकर कनौजिया मुठभेड़ में ढेर हो गया है। उसके कब्जे से कार्बाइन, पिस्टल और कारतूस बरामद किए गए हैं। आगे की जांच और विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published.

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial