Breaking News

आजमगढ़ : सपा जिला अध्यक्ष ने भाजपा पर लगाए गंभीर आरोप, कहा- दलित, पिछड़ों और मुसलमानों पर हो रही है एकतरफा कार्रवाई

Spread the love

आजमगढ़। समाजवादी पार्टी कार्यालय पर आयोजित प्रेस वार्ता में सपा जिला अध्यक्ष हवलदार यादव ने भारतीय जनता पार्टी की सरकार और प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि भाजपा नेताओं के दबाव और संरक्षण में पुलिस व प्रशासन गरीब, दलित, पिछड़े और मुस्लिम समाज पर एकतरफा कार्रवाई कर रहा है। वहीं सपा कार्यकर्ताओं को फर्जी मुकदमों में फंसाकर परेशान किया जा रहा है।

सपा जिलाध्यक्ष ने कहा कि जनपद के कई हिस्सों में भाजपा समर्थित सामंती लोग खुलेआम अत्याचार कर रहे हैं और पुलिस प्रशासन मूकदर्शक बना हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया कि थाना वर्दा के अंतर्गत ग्राम गोसड़ी में उदई, बुधई और सुदई राजभर की चार बीघे जमीन पर सामंती ताकतों ने कब्जा कर लिया। इसी तरह गंभीरपुर थाना क्षेत्र के ग्राम दुलारगंज अवदह में दलित उमेश चंद के घर में देर रात घुसकर सामंतियों ने न सिर्फ मारपीट की बल्कि लाखों का सामान भी लूट लिया।

उन्होंने आगे कहा कि ग्राम सिंहपुर में दलित समाज के युवक योगेश कुमार की हत्या कर उसे फंदे से लटका दिया गया, वहीं लाटघाट में मौर्य समाज की महिला को दौड़ाकर मार डाला गया। इन गंभीर घटनाओं के बावजूद पुलिस ने कोई ठोस कार्रवाई नहीं की। सपा नेता ने आरोप लगाया कि भाजपा नेताओं के दबाव में पुलिस इन मामलों को दबा रही है।

प्रेस वार्ता में हवलदार यादव ने लाटघाट के प्रधान अश्वनी कुमार गुप्ता पर भी गंभीर आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि प्रधान ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव और उनके परिवार के खिलाफ अशोभनीय व अमर्यादित टिप्पणी की। इस पर सपा कार्यकर्ताओं में गहरा आक्रोश है। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि कोई व्यक्ति भाजपा नेताओं पर टिप्पणी करता है तो पुलिस तुरंत गिरफ्तार कर लेती है, लेकिन भाजपा नेताओं के मामले में प्रशासन चुप्पी साध लेता है।

सपा जिलाध्यक्ष ने जिले की बिगड़ी कानून-व्यवस्था को लेकर भी हमला बोला। उन्होंने कहा कि तहसील, थाने और सरकारी दफ्तर लूट के अड्डे बन चुके हैं। गरीब जनता का शोषण हो रहा है, किसान खाद के लिए परेशान हैं, नहरों में पानी नहीं आ रहा है और विद्युत कटौती ने जनता का जीना मुश्किल कर दिया है।

उन्होंने चेतावनी दी कि यदि प्रधान अश्वनी कुमार गुप्ता की गिरफ्तारी नहीं हुई और प्रशासन ने पीड़ित दलित-पिछड़े वर्ग को न्याय नहीं दिया तो समाजवादी पार्टी आंदोलन व धरना देने को मजबूर होगी।

प्रेस वार्ता में पूर्व मंत्री दुर्गा प्रसाद यादव, विधायक नफीस अहमद, डॉ. एच.एन. सिंह पटेल, उद्योगपति और समाजसेवी इं. सुनील यादव, पूर्व प्रमुख इसरार अहमद, अजीत कुमार राव, विवेक सिंह, कमल पासवान, बबीता चौहान, सिंगारी गौतम, राजेश यादव, मीनू भारती, तालिब आरिफ खान, अनवर अहमद, वसीर, रोहित यादव, डॉ. अनीता, आनंद यादव, प्रदीप यादव और हरिश्चंद्र यादव समेत बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

सपा नेताओं ने एक स्वर में कहा कि जनता भाजपा सरकार और उसके संरक्षण में हो रहे अन्याय को अब और बर्दाश्त नहीं करेगी। आने वाले दिनों में पार्टी जनता की आवाज को सड़क से सदन तक बुलंद करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published.

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial