आज़मगढ़। भारतीय जनता पार्टी आज़मगढ़ सदर जिलाध्यक्ष ध्रुव सिंह ने जिला कार्यालय पर आयोजित एक प्रेस वार्ता में समाजवादी पार्टी पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस और जन्माष्टमी जैसे पावन पर्वों पर विपक्षी दलों के कार्यकर्ताओं ने निंदनीय कृत्य कर समाज को गुमराह करने का प्रयास किया।
ध्रुव सिंह ने कहा कि 15 अगस्त को जब पूरा देश आज़ादी का पर्व धूमधाम से मना रहा था, उसी दौरान कोयलासा क्षेत्र के मंगरूपुर गांव के एक प्राथमिक विद्यालय में शिक्षक सुनील यादव ने पार्टी विशेष के नेता का गाना बजवाकर बच्चों से नृत्य कराया। इसे शिक्षा के मंदिर में राजनीति घुसाने की कोशिश बताया गया। उन्होंने कहा कि विद्यालय जैसे पवित्र स्थल पर इस प्रकार की गतिविधियां किसी भी हालत में स्वीकार्य नहीं हैं और इस मामले में दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।
भाजपा जिलाध्यक्ष ने जन्माष्टमी के अवसर पर घटी एक अन्य घटना का भी उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि बिलरियागंज थाना क्षेत्र के भावलपुर गांव में भाजपा शक्ति केंद्र संयोजक और गरीब परिवार से आने वाले कार्यकर्ता ओमकार गोंड का घर समाजवादी पार्टी कार्यकर्ता जियाउद्दीन ने ट्रैक्टर से गिरा दिया। उन्होंने इसे “पूरी तरह गुंडागर्दी” करार देते हुए कहा कि यह समाजवादी पार्टी की वास्तविक सोच और चरित्र को उजागर करता है।
उन्होंने जानकारी दी कि इन दोनों घटनाओं को लेकर भाजपा का एक प्रतिनिधिमंडल मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मिला। मुख्यमंत्री ने तुरंत संज्ञान लेते हुए दोषी शिक्षक सुनील यादव के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने और विभागीय कार्रवाई के आदेश दिए। वहीं, समाजवादी पार्टी से जुड़े जियाउद्दीन, जिसने ग्राम समाज की जमीन पर अवैध कब्जा कर रखा था, उसके मकान पर प्रशासन ने बुलडोजर चलाकर कब्जा मुक्त कराया।
ध्रुव सिंह ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा की गई त्वरित कार्रवाई के लिए आभार जताया और कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं की सुरक्षा और सम्मान सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि भाजपा संगठन अपने कार्यकर्ताओं के साथ हमेशा मजबूती से खड़ा रहेगा और किसी भी प्रकार की गुंडागर्दी या राजनीतिक दबाव को बर्दाश्त नहीं करेगा।
प्रेस वार्ता में भाजपा जिलाध्यक्ष के साथ बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। इनमें घनश्याम पटेल, श्रीकृष्ण पाल, डॉ. श्यामा नारायण सिंह, सचिदानंद सिंह, मंजू सरोज, वंदना सिंह, अरविंद जायसवाल, दुर्ग विजय, प्रेम प्रकाश राय, हरिवंश मिश्रा, नागेंद्र पटेल, पवन सिंह मुन्ना, वन्य प्रकाश गुप्ता, रामपाल सिंह, हरिप्रकाश राय, रवि राय, भीम गौड़, विवेक निषाद, सौदागर भारती, राजीव शुक्ला, मयंक गुप्ता, मृगांक शेखर सिन्हा, चंद्रपाल सिंह, आनंद सिंह और निखिल राय समेत अनेक कार्यकर्ता और समर्थक शामिल रहे।
भाजपा जिलाध्यक्ष ने कहा कि विपक्षी दलों का चरित्र जनता के सामने उजागर हो चुका है। अब प्रदेश की जनता भाजपा और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व पर भरोसा कर रही है, क्योंकि उनकी सरकार कानून-व्यवस्था और न्यायप्रियता के लिए जानी जाती है।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे समाजवादी पार्टी के इस प्रकार के कारनामों को जनता तक पहुंचाएं और लोकतांत्रिक तरीके से इनकी पोल खोलें। साथ ही उन्होंने चेतावनी दी कि अगर भविष्य में भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ किसी भी प्रकार की गुंडागर्दी हुई तो संगठन सड़क से सदन तक आंदोलन करेगा।
