इस दिवाली दर्शकों को सिनेमाघरों में डबल धमाका मिलने वाला है। एक ओर मैडॉक फिल्म्स की हॉरर कॉमेडी थामा है, तो दूसरी ओर रोमांटिक थ्रिलर एक दीवाने की दीवानियत। दोनों ही फिल्में अक्टूबर के तीसरे हफ्ते रिलीज होंगी और बॉक्स ऑफिस पर एक-दूसरे से भिड़ेंगी।
कब रिलीज होंगी फिल्में?
मैडॉक फिल्म्स की थामा 19 अक्टूबर को सिनेमाघरों में रिलीज की जाएगी। वहीं, सनम तेरी कसम फेम हर्षवर्धन राणे और पंजाबी स्टार सोनम बाजवा की फिल्म एक दीवाने की दीवानियत 21 अक्टूबर को रिलीज होगी। यानी दिवाली से ठीक पहले और बाद में दोनों फिल्मों का जोरदार मुकाबला होगा।
स्टारकास्ट और कहानियों का टकराव
थामा में आयुष्मान खुराना, रश्मिका मंदाना और नवाजुद्दीन सिद्दीकी की तिकड़ी नजर आएगी। आयुष्मान जहां अपने अनोखे रोल्स के लिए मशहूर हैं, वहीं रश्मिका और नवाजुद्दीन की मौजूदगी फिल्म को और भी दमदार बनाती है। फिल्म को हॉरर कॉमेडी जॉनर में बनाया गया है और इसे युवा दर्शकों को ध्यान में रखकर पेश किया जा रहा है।
वहीं, एक दीवाने की दीवानियत पूरी तरह रोमांटिक थ्रिलर है। इसमें हर्षवर्धन और सोनम की जोड़ी है। फिल्म पहले 2 अक्टूबर को रिलीज होने वाली थी लेकिन अब मेकर्स ने नई डेट के साथ पोस्टर और टीज़र लॉन्च कर इसे दिवाली के मौके पर उतारने का फैसला लिया है।
टीज़र ने बढ़ाई उम्मीदें
हाल ही में एक दीवाने की दीवानियत का टीज़र रिलीज किया गया। इसमें हर्षवर्धन और सोनम की मुलाकात और जुदाई की झलक दिखाई गई है। कहानी दो ऐसे प्रेमियों की है जो एक-दूसरे के लिए सब कुछ दांव पर लगा देते हैं लेकिन हालात उन्हें जुदा कर देते हैं। शादी से पहले टूटे दिल और दोबारा मिलन की चाहत ही इस फिल्म की असल कहानी है।
हर्षवर्धन ने टीज़र साझा करते हुए लिखा, “अब देखेगा जमाना प्यार, दर्द और नफरत, अब देखेगा ज़माना #EkDeewaneKiDEEWANIYAT! टीजर आउट, बायो में लिंक। एक दीवाने की दीवानियत इस दिवाली – 21 अक्टूबर को सिनेमाघरों में।”
फैंस का उत्साह
टीज़र रिलीज होते ही फैंस में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। एक यूज़र ने कमेंट किया, “रोंगटे खड़े हो गए! यह बहुत बड़ा होने वाला है। शब्दों की जरूरत नहीं, बस भावनाओं से भरपूर।” एक अन्य ने लिखा, “सर, दीवानियत की सारी हदें पार कर दी आपने सच में।” वहीं तीसरे ने कहा, “चलो दोस्तों इसे सिनेमाघरों में देखते हैं। दिवाली केवल रोशनी का त्योहार नहीं होगा, यह प्यार से भरे दिलों का त्योहार बनेगा।”
पहले वैलेंटाइन डे पर आनी थी फिल्म
दिलचस्प बात यह है कि एक दीवाने की दीवानियत पहले वैलेंटाइन डे 2024 पर रिलीज होने वाली थी और उस समय फिल्म का टाइटल सिर्फ दीवानियत रखा गया था। लेकिन बाद में मेकर्स ने इसे बदला और अब नए नाम और नई रिलीज डेट के साथ दर्शकों के सामने पेश करने जा रहे हैं।
बॉक्स ऑफिस पर होगा बड़ा क्लैश
अब देखने वाली बात यह होगी कि दिवाली पर दर्शकों की पसंद किस ओर झुकती है। एक ओर आयुष्मान, रश्मिका और नवाजुद्दीन जैसे पावरफुल एक्टर्स की स्टार पावर वाली थामा है, जो हॉरर और कॉमेडी का मजेदार मिश्रण होगी। वहीं, दूसरी ओर हर्षवर्धन और सोनम की केमिस्ट्री पर आधारित एक दीवाने की दीवानियत है, जो प्यार और जुदाई के दर्द से भरी रोमांटिक थ्रिलर है।
दोनों फिल्मों की जॉनर अलग-अलग हैं, लेकिन दिवाली जैसे बड़े त्योहार पर दर्शकों के पास चुनने के लिए बेहतरीन विकल्प होंगे। ऐसे में बॉक्स ऑफिस पर टक्कर बेहद दिलचस्प रहने वाली है।
