Breaking News

रेल यात्रियों को शिकार बनाने वाले गिरोह का पर्दाफाश, नकदी बरामद

Spread the love

छिवकी स्टेशन पर सक्रिय गैंग का खुलासा: यात्रियों को बनाते थे शिकार, नकदी और गहनों की होती थी चोरी

प्रयागराज।
रेल यात्रियों को निशाना बनाकर लूटने वाले एक शातिर गिरोह का पर्दाफाश हुआ है। रविवार को एसओजी यमुनानगर और नैनी पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में छिवकी स्टेशन के पास तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पकड़े गए आरोपियों के पास से कुल 1,85,000 रुपये नकद बरामद किए गए हैं। ये गिरोह खासतौर पर ट्रेन से उतरने वाले यात्रियों को अपना शिकार बनाता था।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान मोहम्मद ताजीम उर्फ ताजिम, मोहम्मद अशरफ उर्फ दहाड़, और आमिर के रूप में हुई है, सभी आरोपी थाना घुरपुर के बुदावा गांव के रहने वाले हैं। पूछताछ में उन्होंने कबूल किया कि वे लोग रेलवे स्टेशन और आसपास के इलाकों में घूमकर यात्रियों की रेकी करते थे। जिन यात्रियों के पास भारी बैग या कीमती सामान होता, उन्हें वे ऑटो में बैठाकर ठगने की साजिश रचते।

गिरोह का तरीका बेहद शातिराना था। ये लोग खुद ही ऑटो बुक कर यात्री को बीच की सीट पर बैठाते और बातों में उलझाते रहते। पीछे बैठे इनके साथी बैग की चेन खोलकर या उसे काटकर अंदर से कीमती सामान चुपचाप निकाल लेते। इसके बाद कुछ दूरी पर ऑटो खराब होने का बहाना बनाकर यात्रियों को उतार देते और फरार हो जाते।

पुलिस ने बताया कि 30 मई को शाम करीब 6 बजे छिवकी स्टेशन से एक दंपति को सराय अकिल, कौशांबी जाने के लिए 600 रुपये में ऑटो बुक कर ठगा गया था। आरोपियों ने बैग से 1.10 लाख रुपये नकद, दो सोने की चेन और एक सोने का मंगलसूत्र चुरा लिया था। बाद में जेवरात को बेचकर गिरोह ने आपस में रुपये बांट लिए।

नैनी थाना प्रभारी बृज किशोर गौतम ने बताया कि तीनों आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया गया है। पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में जुट गई है और यात्रियों से सतर्क रहने की अपील की है।

रिपोर्ट – CIB इंडिया न्यूज़, प्रयागराज

Ask ChatGPT

Leave a Reply

Your email address will not be published.

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial