आजमगढ़ जिले में आगामी 3 जुलाई को समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के आगमन को लेकर तैयारियां तेज़ हो गई हैं। इसी सिलसिले में मुबारकपुर विधानसभा क्षेत्र के सठियांव स्थित सपा कार्यालय पर सलमानी समाज के लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। आयोजन का नेतृत्व सलमानी वेलफेयर सोसाइटी ने किया।
कार्यक्रम में शामिल भारी संख्या में सलमानी समाज के लोगों को देखकर सपा विधायक बेहद उत्साहित नजर आए। उन्होंने इसे “जनता का प्रेम और आक्रोश दोनों” बताया। विधायक ने कहा, “आज सलमानी समाज ने दिखा दिया कि वह अखिलेश यादव को 2027 में मुख्यमंत्री बनाने का संकल्प ले चुका है। जनता भाजपा सरकार की वादाखिलाफी, महंगाई, बेरोजगारी और कुशासन से बुरी तरह परेशान हो चुकी है।”
उन्होंने आगे कहा, “हर जुल्म-जोर की टक्कर में संघर्ष हमारा नारा है, और सलमानी समाज ने आज इस नारे को साकार कर दिखाया है। प्रदेश में अब सुशासन लाने का एक ही विकल्प है – अखिलेश यादव।”
सपा विधायक ने 3 जुलाई को अखिलेश यादव के प्रस्तावित आगमन को लेकर कहा कि यह सिर्फ एक दौरा नहीं, बल्कि परिवर्तन की शुरुआत है। उन्होंने कहा, “आजमगढ़ से उठी समाजवाद की लहर पूरे प्रदेश में बदलाव का संदेश लेकर जाएगी। यह लहर तभी थमेगी जब अखिलेश यादव दोबारा प्रदेश के मुख्यमंत्री बनेंगे।”
वहीं सलमानी वेलफेयर सोसाइटी के नेताओं ने भी ऐलान किया कि उनका समाज पूरी मजबूती से अखिलेश यादव के साथ खड़ा है। एक प्रतिनिधि ने कहा, “हम अपने बच्चों के भविष्य और समाज के विकास के लिए अखिलेश यादव को मुख्यमंत्री बनाने के मिशन में अब पूरी ताकत से जुट गए हैं।”
कार्यक्रम के अंत में सपा विधायक ने सलमानी समाज को उनके समर्थन के लिए धन्यवाद दिया और कहा कि यह समर्थन 2027 में ऐतिहासिक परिणाम लेकर आएगा।
