अहमदाबाद : गुरुवार दोपहर को एक भयानक त्रासदी में एअर इंडिया की फ्लाइट संख्या AI-171, जो अहमदाबाद से लंदन के लिए रवाना हुई थी, टेकऑफ के कुछ ही देर बाद दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इस दर्दनाक हादसे में विमान में सवार सभी 242 लोगों की मौत हो गई।
विमान में कौन-कौन थे सवार:
इस बोइंग 787 ड्रीमलाइनर विमान में कुल 230 यात्री और 12 क्रू मेंबर सवार थे। इनमें 169 भारतीय नागरिक, 53 ब्रिटिश, 7 पुर्तगाली और 1 कनाडाई यात्री शामिल थे। यह जानकारी गुजरात पुलिस कमिश्नर ने समाचार एजेंसी AP के माध्यम से दी।
पूर्व मुख्यमंत्री रूपाणी का निधन:
दुर्घटना में गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी की भी मृत्यु की पुष्टि हुई है। शुरुआत में भाजपा के राज्यसभा सांसद परिमल नाथवानी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर इस घटना की पुष्टि की, हालांकि उन्होंने कुछ ही समय बाद अपनी पोस्ट हटा दी। लेकिन सरकारी सूत्रों ने अब इस खबर को पुख्ता कर दिया है।
भयानक मंजर, इमारत से टकराया विमान:
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विमान ने एयरपोर्ट से उड़ान भरने के कुछ ही समय बाद नियंत्रण खो दिया और शहर के एक रिहायशी क्षेत्र में स्थित बहुमंजिला इमारत से टकरा गया। यह इमारत अहमदाबाद सिविल अस्पताल के डॉक्टर्स की आवासीय कॉलोनी है। हादसे के समय इमारत में 50-60 डॉक्टर्स मौजूद थे, जिनमें से कम से कम 15 गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
पहचान मुश्किल, DNA से होगी पुष्टि:
हादसे के बाद जो शव बरामद हुए हैं, वे बुरी तरह झुलसे हुए हैं, जिससे उनकी पहचान कर पाना बेहद कठिन हो गया है। प्रशासन ने बताया कि अधिकांश शवों की पहचान केवल डीएनए परीक्षण के माध्यम से ही संभव हो पाएगी।
प्रधानमंत्री और राष्ट्रपति ने जताया शोक:
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने इस दुखद घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया है। केंद्र सरकार ने तत्काल विशेष राहत टीम और NDRF को घटनास्थल पर भेजा है। साथ ही विमानन मंत्रालय ने दुर्घटना की उच्च स्तरीय जांच के आदेश दिए हैं।
इस हादसे ने पूरे देश को गहरे शोक में डाल दिया है, और अब सभी की निगाहें इस बात पर हैं कि जांच में दुर्घटना के पीछे की असली वजह क्या निकलकर सामने आती है।