Breaking News

आजमगढ़ : बाबा साहब की प्रतिमा खंडित, ग्रामीणों में आक्रोश, डेढ़ घंटे तक अहरौला-कप्तानगंज मार्ग रहा जाम

Spread the love

रिपोर्ट – रुपेश तिवारी, आजमगढ़
आजमगढ़ : अहरौला थाना क्षेत्र  के पड़री बासथान स्थित अंबेडकर पार्क में लगी बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा रविवार सुबह खंडित पाई गई। प्रतिमा के एक हाथ की उंगलियां टूटी हुई देखकर स्थानीय लोग आक्रोशित हो उठे। यह खबर जब अनुसूचित बस्ती तक पहुंची, तो बड़ी संख्या में लोग पार्क में जुट गए। घटना से आहत लोगों ने इसे सामाजिक सौहार्द पर हमला बताया और त्वरित कार्रवाई की मांग करने लगे।

देखते ही देखते बसपा व भीम आर्मी से जुड़े कार्यकर्ता भी मौके पर पहुंच गए। स्थिति तनावपूर्ण हो गई। सूचना पर अहरौला थानाध्यक्ष प्रदीप कुमार, उपनिरीक्षक कुलदीप सिंह यादव, रंजन शाह, रामबचन राय सहित भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा।

भीड़ ने घटना के विरोध में अहरौला-कप्तानगंज मार्ग को जाम कर दिया। दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। आक्रोशित लोगों ने “बाबा साहब अमर रहें” और “मांग हमारी पूरी हो” जैसे नारे लगाने शुरू कर दिए। प्रदर्शनकारियों की प्रमुख मांग थी कि – खंडित प्रतिमा को तुरंत दुरुस्त किया जाए, पार्क में सीसीटीवी कैमरा लगाया जाए और दोषियों को जल्द से जल्द चिन्हित कर गिरफ्तार किया जाए।

थानाध्यक्ष प्रदीप कुमार ने प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया लेकिन शुरू में भीड़ नहीं मानी। अंततः प्रशासन ने तत्काल एक डेंटर को बुलाकर प्रतिमा की मरम्मत कराई। साथ ही एक मैकेनिक की मदद से पार्क में सीसीटीवी कैमरा लगाने की कार्रवाई भी शुरू कर दी गई।

इन कदमों के बाद ग्रामीणों का आक्रोश शांत हुआ और लगभग डेढ़ घंटे बाद अहरौला-कप्तानगंज मार्ग पर जाम समाप्त कराया जा सका। पुलिस अधिकारियों ने लोगों को आश्वासन दिया कि इस घटना को अंजाम देने वाले अज्ञात असामाजिक तत्वों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।

थानाध्यक्ष प्रदीप कुमार ने बताया कि अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। उन्होंने कहा कि सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश को किसी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों को जल्द ही गिरफ्तार किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published.

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial