Breaking News

आजमगढ़ में शोक संवेदना के साथ गरजी सियासत, सपा प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल ने जताया दुख, भाजपा पर जमकर साधा निशाना

Spread the love

आजमगढ़ में शोक संवेदना के साथ गरजी सियासत, सपा प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल ने जताया दुख, भाजपा पर जमकर साधा निशाना

आज दिनांक 22 मई 2025 को समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल ने आजमगढ़ जनपद के सरायमीर थाना क्षेत्र के ग्राम कनैथा में समाजवादी छात्र सभा के प्रदेश उपाध्यक्ष इंजीनियर अभिषेक यादव के छोटे भाई आशुतोष यादव के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया। प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल शोक संतप्त परिवार से मिलने स्वयं उनके घर पहुंचे और परिवारजनों को ढांढस बंधाते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता आपके दुख में भागीदार है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि पार्टी हमेशा आपके साथ खड़ी रहेगी।

इस शोक अवसर पर, भावनात्मक माहौल के बीच सियासत की गरमाहट भी देखने को मिली। मीडिया से बातचीत करते हुए प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल ने भाजपा सरकार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि भाजपा की सरकार पूरी तरह से तानाशाही रवैया अपना चुकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि दलित, पिछड़े, अल्पसंख्यक, महिलाएं, छात्र और नौजवान—सभी इस सरकार के अन्याय और अत्याचार का शिकार हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में अघोषित आपातकाल जैसी स्थिति बन चुकी है, जहां लोकतंत्र को समाप्त करने की कोशिश की जा रही है।

पाल ने आरोप लगाया कि बाबा साहब भीमराव अंबेडकर द्वारा बनाए गए संविधान का खुलेआम उल्लंघन हो रहा है। न्यायालयों के निर्णयों को नजरअंदाज किया जा रहा है और पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) वर्ग के अधिकारों को छीना जा रहा है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि प्राथमिक विद्यालयों, स्कूलों और कॉलेजों में भर्ती प्रक्रिया में पीडीए वर्ग के हिस्से को लूट लिया गया है और धर्म व जाति के नाम पर आम जनता को परेशान किया जा रहा है।
प्रदेश अध्यक्ष ने महंगाई और बेरोजगारी को लेकर भी सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि गरीबों के लिए शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी मूलभूत सेवाएं महंगी होती जा रही हैं और आम आदमी का जीवन कठिन हो गया है। कानून व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के सजातीय अपराधी खुलेआम अपराध कर रहे हैं और प्रशासन मौन है। तहसीलों और थानों में व्याप्त भ्रष्टाचार पर भी उन्होंने नाराजगी जताई।

पाल ने विश्वास जताया कि पीडीए वर्ग के लोग 2027 में योगी सरकार को उखाड़ फेंकेंगे और समाजवादी विचारधारा की सरकार फिर सत्ता में आएगी। उन्होंने भाजपा नेताओं की बयानबाजियों को डर की राजनीति बताया।

इस मौके पर समाजवादी पार्टी के कई वरिष्ठ नेता भी मौजूद रहे, जिनमें सपा जिला अध्यक्ष हवलदार यादव, सांसद दरोगा प्रसाद सरोज, विधायक अखिलेश यादव, विधायक नफीस अहमद, जिला पंचायत अध्यक्ष विजय यादव, पूर्व विधायक आदिल शेख, पूर्व ब्लॉक प्रमुख इसरार अहमद, अजीत कुमार राव, विपिन यादव, अब्दुल्ला, कमलेश यादव गायक, इंजीनियर लालचंद यादव, सुशील आनंद, विवेक सिंह, दुर्गेश यादव, संतोष कुमार गौतम, देवेंद्र कुमार और डॉ. अजय आदि प्रमुख रूप से शामिल थे। सभी नेताओं ने दिवंगत आशुतोष यादव के प्रति गहरी शोक संवेदना प्रकट की और परिवार को हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published.

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial