रिपोर्ट – मो. शकीब अंसारी, आज़मगढ़
आज़मगढ़: मुबारकपुर थाना क्षेत्र के रसूलपुर मोहल्ले में शुक्रवार को 28 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान निशा (पत्नी लक्ष्मी सोनकर) के रूप में हुई है, जो बीते आठ वर्षों से अपने ससुराल में रह रही थी। निशा की मौत के बाद से पूरे क्षेत्र में तनाव का माहौल है, वहीं मृतका के मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर हत्या का गंभीर आरोप लगाया है।
मिली जानकारी के अनुसार, 2 मई की सुबह निशा की अचानक तबीयत बिगड़ने पर परिजन उसे अचेत अवस्था में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) मुबारकपुर लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही मुबारकपुर थाना प्रभारी निरीक्षक निहार नंदन पुलिस बल के साथ अस्पताल पहुंचे और मामले की छानबीन शुरू की।
कुछ ही देर में मृतका के मायके पक्ष के लोग भी अस्पताल पहुंच गए और ससुराल वालों पर हत्या का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया। मृतका की मां फुलेसरी देवी, निवासी धर्मसीपुर, थाना रानीपुर, जनपद मऊ ने पुलिस को दी गई तहरीर में आरोप लगाया कि उनकी बेटी को शादी के बाद से ही लगातार दहेज के लिए प्रताड़ित किया जा रहा था।

फुलेसरी देवी ने बताया कि आठ वर्ष पूर्व उनकी बेटी निशा की शादी लक्ष्मी सोनकर से हुई थी। शादी के कुछ समय बाद ही ससुराल पक्ष द्वारा दहेज को लेकर मानसिक और शारीरिक उत्पीड़न शुरू हो गया। तहरीर में उन्होंने पति लक्ष्मी सोनकर, देवर प्रदीप, भसुर गुड्डू सोनकर, जेठानी आरती सोनकर समेत अन्य ससुरालजनों को नामजद करते हुए आरोप लगाया कि सभी मिलकर निशा को प्रताड़ित करते थे।
उन्होंने कहा कि पहले भी कई बार मुबारकपुर थाने में शिकायत की गई, लेकिन पुलिस की लापरवाही के चलते कोई कड़ी कार्रवाई नहीं हुई, जिससे आरोपियों का हौसला बढ़ता गया। फुलेसरी देवी का यह भी आरोप है कि शुक्रवार को जब निशा मायके से ससुराल लौटी, तो वहां उसकी हत्या कर दी गई और बाद में उसे बीमारी से हुई मौत का रूप देने की कोशिश की गई।
निशा अपने पीछे एक 5 वर्षीय बेटी और 2 वर्षीय बेटे को छोड़ गई है। उसकी मौत से परिवार गहरे सदमे में है और बच्चों के भविष्य को लेकर चिंता व्यक्त कर रहा है।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। थाना प्रभारी निहार नंदन ने बताया कि मामले की गहन जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद दोषियों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
