Breaking News

सुदीक्षा नई राह फाउंडेशन ने पूरे किए 6 वर्ष, 6 नए बच्चों को लिया गोद

Spread the love

आजमगढ़। गरीब और निराश्रित बच्चों को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने का संकल्प लेकर कार्य कर रहे “सुदीक्षा नई राह फाउंडेशन” ने अपनी स्थापना के 6 वर्ष पूरे कर लिए हैं। इस विशेष अवसर पर संगठन ने 6 नए बच्चों को गोद लेकर उनकी शिक्षा का संपूर्ण जिम्मा उठाने की घोषणा की है। इस पहल की चारों ओर सराहना हो रही है।

आजमगढ़ के रोडवेज स्थित होटल पार्क डिलाइट में आयोजित एक प्रेस वार्ता में संगठन की सचिव साक्षी पांडे ने कहा कि फाउंडेशन गुरुकुल प्रणाली की तर्ज पर बच्चों को निःशुल्क शिक्षा प्रदान कर रहा है। उन्होंने बताया कि इस बार 6 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में 6 बच्चों को गोद लिया गया है, जिनकी पढ़ाई, किताबें और अन्य आवश्यक सामग्री फाउंडेशन द्वारा उपलब्ध कराई जाएगी।

साक्षी पांडे ने कहा, “हमारा उद्देश्य ऐसे बच्चों तक शिक्षा पहुंचाना है जिनके पास संसाधनों की कमी है। हम आम जनता के सहयोग से इस मुहिम को आगे बढ़ा रहे हैं और भविष्य में भी इसी तरह निराश्रित बच्चों के लिए कार्य करते रहेंगे।”

कार्यक्रम के दौरान फाउंडेशन की ओर से उपस्थित वरिष्ठ पत्रकारों और सम्मानित अतिथियों को पौधे भेंट किए गए, जिससे पर्यावरण संरक्षण का भी संदेश दिया गया। इस अवसर पर संगठन के पदाधिकारी पूजा, अंशुमान, निधि, श्वेता, हर्ष, सेशन, आदित्य, रत्नेश, स्मिता, प्रांजल, सारिका और निशांत भी मौजूद रहे।

सुदीक्षा नई राह फाउंडेशन की यह पहल न सिर्फ शिक्षा के क्षेत्र में एक प्रेरणादायक उदाहरण बनी है, बल्कि समाज के वंचित तबके के बच्चों के सपनों को नई उड़ान देने का भी कार्य कर रही है। पूरे पूर्वांचल में फाउंडेशन की इस पहल की भरपूर सराहना की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published.

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial