रिपोर्ट – मो. शकीब अंसारी
मुबारकपुर :- इस वर्ष हज यात्रा पर जाने वाले मुस्लिम समुदाय के श्रद्धालुओं के लिए एक विशेष टीकाकरण एवं प्रशिक्षण शिविर का आयोजन मंगलवार को स्थानीय धार्मिक संस्था अलजामियतुल अशरफिया परिसर स्थित इमाम अहमद रज़ा लाइब्रेरी के हाल में किया गया। इस कार्यक्रम में क्षेत्र के विभिन्न हिस्सों से आए लगभग 98 हज यात्रियों ने भाग लिया, जिन्हें आवश्यक टीके लगाए गए और हज से जुड़े अरकानों (कर्मों) की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO) आजमगढ़ डॉ. अशोक कुमार और डिप्टी CMO डॉ. अब्दुल अज़ीज़ ने टीका लगाकर की। हज यात्रियों के स्वास्थ्य की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए इस शिविर में विशेष रूप से सीएचसी मुबारकपुर और पीएचसी की ओर से चिकित्सा दल की नियुक्ति की गई थी। इसमें डॉ. अखंड प्रताप, डॉ. रौशन आरा, मुकेश मौर्य, मंजरी सिंह, रेखा यादव, अनीता देवी, अंजू लता, प्रीती पाल और नागेंद्र प्रसाद ने सक्रिय रूप से भाग लिया।
टीकाकरण के साथ-साथ हज पर जाने वाले यात्रियों को मौलाना अफज़ल आज़मी और मुफ़्ती नसीमुल क़ादरी द्वारा हज के समस्त अरकानों की जानकारी दी गई। दोनों धार्मिक विद्वानों ने हज के महत्व, उसके दौरान पालन किए जाने वाले नियम, अनिवार्य अरकान, एहराम बांधने की प्रक्रिया, तवाफ, सई और अराफात की यात्रा आदि के बारे में विस्तार से बताया। इस प्रशिक्षण से पहली बार हज पर जा रहे यात्रियों को विशेष लाभ मिला और उन्होंने अपनी जिज्ञासाओं का समाधान भी किया।
इस पूरे कार्यक्रम के दौरान यह विशेष ध्यान रखा गया कि किसी भी हज यात्री को किसी प्रकार की असुविधा न हो। इसके लिए क्षेत्र के सम्मानित नागरिक और समाजसेवी जैसे हाजी अज़ीज़ुल हसन, हाजी मोहम्मद रज़ा, हाजी महमूद नोमानी, सुल्तान अशरफ, मौलाना फैसल आज़मी, हाजी परवेज नोमानी, फैसल नईम आज़मी, हाजी शेर मोहम्मद और मैनेजर आज़ाद खान स्वयं उपस्थित रहकर व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने में सहयोग करते रहे।
कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित चिकित्सकों और आयोजन समिति के सदस्यों ने हज यात्रियों को शुभकामनाएं देते हुए उन्हें यात्रा के दौरान स्वास्थ्य और स्वच्छता संबंधी सुझाव भी दिए। सीएमओ डॉ. अशोक कुमार ने कहा, “हज एक पवित्र और जीवन का महत्वपूर्ण सफर है। ऐसे में यात्रियों का शारीरिक रूप से स्वस्थ रहना अत्यंत आवश्यक है। टीकाकरण से उनकी सुरक्षा सुनिश्चित की जा रही है।”
इस कार्यक्रम के सफल आयोजन से हज पर जाने वाले श्रद्धालु न सिर्फ शारीरिक रूप से सुरक्षित हुए, बल्कि मानसिक और धार्मिक रूप से भी तैयार हुए। आयोजन को लेकर क्षेत्र में संतोष और उत्साह का माहौल रहा।
