Breaking News

आज़मगढ़ : गांव के नन्हे सितारों की बड़ी उड़ान: एसडी ग्लोबल पब्लिक स्कूल

Spread the love

आजमगढ़ जिले के अतरौलिया क्षेत्र के भगवानपुर मदियापार स्थित एसडी ग्लोबल पब्लिक स्कूल में परीक्षा परिणाम वितरण का कार्यक्रम बेहद शानदार तरीके से संपन्न हुआ। जब बच्चों को उनके मेहनत के परिणाम मिले, तो उनकी खुशी देखने लायक थी। किसी ने उत्साह से शील्ड और मेडल को माथे से लगाया, तो किसी ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता और शिक्षकों को दिया।

मेहनत और लगन का नतीजा

इस वर्ष कक्षा 8 की अन्विशा ने 99.71% अंक प्राप्त कर शानदार उपलब्धि हासिल की। वहीं कक्षा 7 के संस्कार सिंह ने 99.50% और कक्षा 8 की खुशी ने 99.23% अंक लाकर विद्यालय का नाम रोशन किया। इन बच्चों ने अपनी सफलता का राज बताते हुए कहा कि उन्होंने नियमित रूप से 5-5 घंटे पढ़ाई की, होमवर्क को गंभीरता से लिया और शिक्षकों की मदद से अपनी कमजोरियों को दूर किया।
विद्यालय के प्रबंधन ने भी छात्रों की सफलता पर गर्व व्यक्त किया। विद्यालय के डायरेक्टर राधेश्याम यादव ने कहा, “ग्रामीण क्षेत्र के इस विद्यालय के छात्रों ने यह साबित कर दिया कि अगर लगन और मेहनत हो, तो कोई भी लक्ष्य कठिन नहीं होता। हम बच्चों को हर संभव मदद देंगे ताकि वे आगे भी सफलता की ऊंचाइयों को छू सकें।”

बच्चों के सपनों की उड़ान

इस मौके पर कई बच्चों ने अपने सपनों को भी साझा किया। कोई IAS अधिकारी बनना चाहता है, तो कोई डॉक्टर या जज बनकर समाज की सेवा करना चाहता है। विद्यालय के प्रिंसिपल अनीता यादव ने कहा कि टॉपर बच्चों के लिए एक्स्ट्रा क्लास और एक्स्ट्रा टाइम की व्यवस्था की जाएगी ताकि वे भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन कर सकें।
इस समारोह में स्कूल के शिक्षकों और अभिभावकों की उपस्थिति ने बच्चों का उत्साह बढ़ाया। प्राजंलि यादव (कक्षा 3), आराध्या यादव (कक्षा 3), आर्या प्रजापति (कक्षा 4), यशस्वी यादव (कक्षा 2) और अन्य प्रतिभाशाली बच्चों को भी सम्मानित किया गया।

संघर्ष से सफलता तक

इन बच्चों की सफलता सिर्फ उनकी मेहनत का नतीजा नहीं है, बल्कि उनके अभिभावकों, शिक्षकों और विद्यालय प्रबंधन की प्रेरणा का भी परिणाम है। मां-बाप अपने बच्चों को स्कूल भेजते हैं, इस उम्मीद के साथ कि वे कुछ बड़ा हासिल करेंगे। और जब बच्चे अपनी मेहनत और शिक्षकों के मार्गदर्शन से अपनी काबिलियत साबित करते हैं, तो यह पूरे समाज के लिए गर्व की बात होती है।

इस आयोजन ने यह संदेश दिया कि सपनों को पूरा करने के लिए मेहनत और सही दिशा में किया गया प्रयास ही सबसे महत्वपूर्ण होता है। आज ये बच्चे सिर्फ स्कूल के टॉपर नहीं हैं, बल्कि वे आने वाले कल के डॉक्टर, इंजीनियर, आईएएस और समाज के स्तंभ हैं। उनकी यह सफलता न सिर्फ उनके माता-पिता और शिक्षकों के लिए गर्व की बात है, बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए प्रेरणा है।
इस मौके पर विजय प्रताप, प्रदीप यादव, प्रदीप यादव, मोनिका, आकांक्षा, अमित चतुर्वेदी, वसीम, तालिब, जेपी मौर्य, रमाकांत वर्मा, धर्मेंद्र आदि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published.

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial