रिपोर्ट – राहुल मौर्या
आजमगढ़। जनपद पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। थाना देवगांव पुलिस ने अन्तरजनपदीय बाइक चोर गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए पाँच शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से चोरी की 6 मोटरसाइकिल, 1 ई-रिक्शा, 3 मोटरसाइकिल की चेचिस और अन्य पार्ट्स बरामद किए हैं।
सीसीटीवी फुटेज से हुआ खुलासा
एसपी हेमराज मीना के निर्देशन में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत देवगांव पुलिस टीम को यह सफलता मिली। 3 अप्रैल 2025 को उपनिरीक्षक सुभाष तिवारी और उनकी टीम लालगंज कस्बे में गश्त कर रही थी, तभी मुखबिर से सूचना मिली कि वाहन चोरी में लिप्त एक व्यक्ति ई-रिक्शा से बनारस की ओर से आ रहा है। पुलिस ने तत्काल घेराबंदी कर शुभम सिंह (निवासी वाराणसी) को गिरफ्तार किया, जो ई-रिक्शा चोरी करने की बात स्वीकार कर चुका है।
गिरोह का नेटवर्क वाराणसी तक फैला

शुभम सिंह की निशानदेही पर पुलिस ने गिरोह के अन्य चार साथियों— श्याम नरायन विश्वकर्मा, मनोज गुप्ता, विनोद अग्रहरी और सुरेंद्र गुप्ता उर्फ कल्लू को वाराणसी स्थित एक गैराज से गिरफ्तार किया। पूछताछ में खुलासा हुआ कि ये चोर वाहन चोरी कर अलग-अलग स्थानों पर ले जाकर पार्ट्स निकालकर बेचते थे। बरामद मोटरसाइकिलों के नंबरों से कई थानों में दर्ज चोरी के मुकदमों की पुष्टि हुई है।

एसपी हेमराज मीना का बयान
इस बड़ी सफलता पर एसपी हेमराज मीना ने कहा,“आजमगढ़ पुलिस अपराधियों के खिलाफ सख्ती से कार्रवाई कर रही है। यह गिरोह लम्बे समय से आजमगढ़ और वाराणसी में वाहन चोरी की घटनाओं को अंजाम दे रहा था। पुलिस टीम ने अत्यधिक मेहनत और तकनीकी जांच के आधार पर गिरोह को पकड़ने में सफलता पाई। हम आगे भी ऐसे अपराधियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई जारी रखेंगे और जनपद में कानून व्यवस्था को बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध हैं।”
इन अभियुक्तों पर पहले भी कई मामले दर्ज

पुलिस जांच में पता चला कि गिरफ्तार अभियुक्तों पर पहले से कई अपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। इनमें शुभम सिंह पर 22, श्याम नरायन विश्वकर्मा, मनोज गुप्ता, विनोद अग्रहरी और सुरेंद्र गुप्ता पर भी कई संगीन धाराओं में मामले चल रहे हैं।
पुलिस टीम को मिलेगा इनाम
पुलिस अधीक्षक ने इस सफलता पर देवगांव पुलिस टीम की सराहना की और उन्हें उचित पुरस्कार देने की घोषणा भी की। पुलिस अब इस गिरोह के अन्य संभावित सदस्यों की तलाश में जुटी है।
