Breaking News

आज़मगढ़ : मुबारकपुर में सफाई कर्मियों का जोरदार प्रदर्शन, आठ सूत्रीय मांगों को लेकर प्रशासन पर लगाया आरोप

Spread the love

रिपोर्ट – मो. शकीब अंसारी

मुबारकपुर (आजमगढ़)। शुक्रवार को नगर पालिका के सफाई संविदा कर्मचारियों ने अपने मानदेय भुगतान सहित विभिन्न आठ सूत्रीय मांगों को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया। सफाई कर्मचारियों ने सुबह 6 बजे से ही नगर में सफाई कार्य बंद कर दिया और झाड़ू, खांची लेकर सड़कों पर उतर आए। कर्मचारियों ने नगरपालिका प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए मांगों के पूरा होने तक सफाई कार्य ठप रखने की चेतावनी दी।

मानदेय नहीं मिलने पर भड़के कर्मचारी
सफाई कर्मियों ने आरोप लगाया कि उन्हें बिना पूर्व सूचना के नौकरी से निकाला जा रहा है और 4-5 महीने का बकाया वेतन भी नहीं दिया गया है। कर्मचारी सुनील, विनोद कुमार और आशिया ने बताया कि अब तक 30 कर्मचारियों की सेवाएं समाप्त की जा चुकी हैं, जबकि बाकी को भी हटाने की धमकी दी जा रही है। उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें पीएफ सहित अन्य सुविधाएं नहीं दी जा रही हैं, जिससे उनके परिवार भुखमरी की कगार पर पहुंच गए हैं।

प्रशासन को ऑनलाइन भेजा ज्ञापन
सफाई कर्मचारियों ने अपनी आठ सूत्रीय मांगों से संबंधित ज्ञापन जिलाधिकारी और उत्तर प्रदेश सरकार को ऑनलाइन भेजा है। उनकी प्रमुख मांगों में बकाया वेतन भुगतान, नौकरी से निकाले गए कर्मचारियों की बहाली, सफाई उपकरणों की उपलब्धता और पीएफ कटौती जैसी सुविधाओं को बहाल करना शामिल है।

ईओ ने दिया आश्वासन


विरोध प्रदर्शन की सूचना मिलने पर नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी (ईओ) विनय कुमार मिश्र मौके पर पहुंचे और कर्मचारियों को समझाने का प्रयास किया। उन्होंने कहा कि जल्द ही टेंडर प्रक्रिया के तहत इनकी मांगों को पूरा किया जाएगा। हालांकि, सफाई कर्मियों ने कहा कि जब तक उनकी सभी मांगें पूरी नहीं होतीं, वे हड़ताल जारी रखेंगे।

नगर की स्वच्छता बनाए रखने के लिए इन कर्मचारियों की भूमिका अहम है, लेकिन बिना वेतन और सुविधाओं के वे काम नहीं कर सकते। अब यह देखना होगा कि प्रशासन कब तक उनकी समस्याओं का समाधान करता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published.

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial