Breaking News

जनपदीय विज्ञान प्रदर्शनी में छात्रों ने दिखाई प्रतिभा

Spread the love

फतेहपुर। जनपदीय विज्ञान प्रदर्शनी में विभिन्न स्कूलों के छात्र छात्राओं ने अपनी प्रतिभा दिखाते हुए विज्ञान आधारित मॉडलों का प्रदर्शन कर निर्णायक मंडल को सोचने पर मजबूर कर दिया। छात्र छात्राओं की प्रतिभा को देख मुख्य अतिथि व अन्य ने जमकर तारीफ की।
शनिवार को शहर के राजकीय इंटर में जनपदीय विज्ञान प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। जिसमें जनपद के सभी ब्लाकों के विद्यालयों के जूनियर सवर्ग व सीनियर संवर्ग के छात्र छात्राओं ने प्रतिभाग करते हुए अपने विज्ञान आधारित मॉडलों को प्रदर्शित किया। जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में पहुँचे इलाहाबाद राज्य विश्वविद्यालय के प्रोफेसर एनबी सिंह ने कार्यक्रम में मॉडलों का निरीक्षण कर छात्र छात्राओं का उत्साहवर्धन किया। सीनियर वर्ग में शुकदेव इंटर कालेज खागा के राजन पांडेय आदर्श साहू के मॉडल ने प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं द्वितीय स्थान पर मुस्लिम इंटर कालेज की छात्राएं रिफत जहां व उम्में सारा रहीं। तृतीय स्थान पर कोटेश्वर इंटर कालेज के रामजीत व अग्निहोत्री रहे। जूनियर संवर्ग में कक्षा दस में राजकीय इंटर कालेज सहिली के सोनम व उदित राज, द्वितीय स्थान पर राजकीय हाईस्कूल टीकर के अंकित कुमार गौतम व राजन रहे। तृतीय स्थान पर राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बिसौली के राजवीर व अहम सिंह रहे। वहीं दोनों वर्गों के पांच-पांच विद्यालय के मॉडल को सांत्वना पुरस्कार के लिए चुना गया। मुख्य अतिथि प्रोफेसर एनबी सिंह द्वारा प्रतिभावान छात्र छात्राओं को शील्ड व प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। आयोजक व प्रधानाचार्य राजकीय इंटर कालेज उदय प्रभात के नेतृत्व में आयोजित हुई विज्ञान प्रदर्शनी में जनपद के अलग अलग विद्यालयों द्वारा बनाये गए मॉडलों को देखकर निर्णायक मंडल के साथ ही प्रदर्शनी देखने पहुँचे लोग भी तारीफ किये बिना न रह सके। कार्यक्रम संयोजक व जिला विद्यालय निरीक्षक महेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि जनपद के छात्र छात्राओं में अपार योग्यता प्रतिभाएं हैं जनपद स्तर पर चयनित मॉडल बनाने वाले छात्र छात्राओं को प्रदेश में भी अपनी प्रतिभा दर्शाने का मौका दिया जाएगा। इस मौके पर विद्यालयों के गुरुजनों व अभिभावक आदि रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published.

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial