Breaking News

 प्रयागराज में गरजे अखिलेश, कहा भाजपा झूठों की पार्टी, झूठों को जनता माफ नही करेगी, बल्कि साफ कर देगी

Spread the love
यमुनापार, प्रयागराज सपा प्रमुख पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने मंगलवार दोपहर प्रयागराज के करछना की चुनावी सभा में कहा कि यह चुनाव संविधान को बचाने का चुनाव है। बदहाली से बचाने का चुनाव है। अखिलेश यादव बोले, सपा के गठबंधन की ऐतिहासिक सरकार बनने जा रही है। जनता को समाजवादियों पर भरोसा है। सपा ने जो घोषणा पत्र जारी किया है उसे लागू किया जाएगा। भाजपा की सरकार ने बेरोजगारी, महंगाई बढ़ाई है। भाजपा के लोग झूठ बोलते हैं। भाजपा के छोटे नेता छोटा झूठ बोलते हैं, उससे बड़े नेता उससे बड़ा झूठ और सबसे बड़े नेता सबसे बड़ा झूठ बोलते हैं। अखिलेश यादव ने कहा कि इस चुनाव में इन झूठे लोगों को जनता माफ नहीं करेगी बल्कि साफ कर देगी। बोले, बाबा मुख्यमंत्री का नया नाम पड़ गया है। एक अंग्रेजी अखबार ने उनका नाम बाबा बुलडोजर रख दिया है। बाबा गर्मी निकालने की बात कहते हैैं, इस चुनाव में जनता उनका भाप निकाल देगी। ये शिलान्यास करने वाले बाबा मुख्यमंत्री हैं। उद्घाटन के बाद फिर उद्घाटन करने वाले बाबा मुख्यमंत्री हैैं।
आगे कहा कि कहा कि जब से समाजवादी पार्टी ने 300 यूनिट बिजली मुफ्त करने की घोषणा की है तब से भाजपा की बत्ती गुल हो गई है, इनका ट्रांसफार्मर फुंक गया है। बताया कि सपा की सरकार बनेगी तो किसानों की समस्याओं का समाधान होगा। किसानों की सिंचाई माफ होगी। सभी फसल पर एमएसपी देंगे। किसानों को ब्याज मुक्त कर्ज दिया जाएगा। युवाओं को रोजगार दिया जाएगा। फौज और पुलिस में भर्ती की जाएगी। शिक्षकों के लिए बेहतर किया जाएगा। कन्या विद्याधन दिया जाएगा। समाजवादी पेंशन तीन गुना किया जाएगा। एंबुलेंस की संख्या दोगुनी की जाएगी। पुलिस की 100 नंबर की गाडिय़ां बढ़ाई जाएंगी। करछना विधानसभा के गढ़वा खुर्द में आयोजित सपा के राष्‍ट्रीय अध्‍यक्ष व पूर्व मुख्‍यमंत्री अखिलेश यादव की सभा में कुछ देर के लिए समर्थन अधिक उत्‍साहित हो गए। अखिलेश यादव जब मंच पर पहुंचे तो भीड़ उनकी तरफ दौड़ पड़ी। उनसे मिलने के लिए लोग बेचैन हो उठे। इस उत्‍साह में वहां लगी बैरिकेडिंग को भी तोड़ दिया गया। हालांकि अखिलेश यादव मंच पर पहुंचे और कहा कि युवाओं का जोश बता रहा है कि सपा की सरकार बनने जा रही है।
उत्‍तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2022 को लेकर राजनीतिक दलों की तैयारी तेज है। चुनाव प्रचार को धार देने प्रयागराज में स्‍टार प्रचारकों की आवाजाही है। यहां पांचवें चरण के तहत 27 फरवरी को मतदान होना है। इसी क्रम में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव आज मंगलवार को प्रयागराज आए। उन्‍हाेंने करछना विधानसभा के अंतहिया के मजरा गढ़वा खुर्द में आयोजित जनसभा को संबोधित किया। अखिलेश यादव यहां से यमुनापार के लोगों को साधने का प्रयास किया। सपा राष्ट्रीय अध्यक्ष के आगमन को लेकर तैयारियां कई दिनों से थी। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव लखनऊ से बमरौली एयरपोर्ट पहुंचे और फिर यहां से हेलीकाप्टर से दिन में अंतहिया के मजरा गढ़वा खुर्द पहुंचे। यमुनापार में विधानसभा की चार सीटें हैं, जिसमें करछना, मेजा, कोरांव और बारा शामिल हैं। 2017 में सपा ने यहां से मात्र एक ही सीट करछना जीती थी। ऐसे में राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव इन सभी सीटों पर जीत सुनिश्चित करने के लिए दम भरा। जनसभा को लेकर सपा जिलाध्यक्ष योगेश चंद्र यादव, करछना से प्रत्याशी उज्ज्वल रमण सिंह, मेजा से प्रत्याशी संदीप पटेल, इफ्तेखान हुसैन, नरेंद्र सिंह, विनय कुशवाहा आदि ने अखिलेश यादव की जनसभा की तैयारी की थी।
CIB INDIA NEWS
संवाददाता प्रयागराज परवेज आलम, छविनाथ पाठक

Leave a Reply

Your email address will not be published.

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial