घूरपुर। आगामी मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से थाना घूरपुर परिसर में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता एसीपी अब्दुल सलाम खान ने की, जबकि संचालन घूरपुर थानाध्यक्ष अतुल कुमार मिश्रा ने किया। बैठक में क्षेत्र के विभिन्न ग्राम सभाओं से आए ताजियादारों, धर्मगुरुओं, ग्राम प्रधानों, पत्रकारों एवं गणमान्य नागरिकों ने भाग लेकर पर्व को सकुशल संपन्न कराने को लेकर अपने विचार रखे।
बैठक को संबोधित करते हुए एसीपी अब्दुल सलाम खान ने कहा कि मुहर्रम का पर्व शांति, अनुशासन और आपसी भाईचारे का संदेश देता है। उन्होंने सभी ताजियादारों एवं आयोजकों से प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील करते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें और संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी तत्काल पुलिस को उपलब्ध कराएं। उन्होंने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य पर्व को सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराना है।
थानाध्यक्ष अतुल कुमार मिश्रा ने कहा कि मुहर्रम के जुलूस निर्धारित मार्ग और तय समय के अनुसार ही निकाले जाएं। उन्होंने डीजे के प्रयोग, यातायात व्यवस्था, सुरक्षा मानकों और अन्य प्रशासनिक नियमों का पालन सुनिश्चित करने पर जोर दिया, ताकि आमजन को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने भरोसा दिलाया कि पुलिस प्रशासन सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पूरी तरह सतर्क है और हर आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।
बैठक के दौरान विभिन्न ग्राम सभाओं से आए ताजियादारों एवं स्थानीय नागरिकों ने जुलूस मार्ग पर बिजली व्यवस्था, साफ-सफाई, सड़क मरम्मत, सुरक्षा और अन्य मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं को अधिकारियों के समक्ष रखा। अधिकारियों ने सभी सुझावों और समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए उनके शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया।
पीस कमेटी की बैठक का समापन आपसी सहयोग, सामाजिक सद्भाव और शांति व्यवस्था बनाए रखने के संकल्प के साथ हुआ। इस अवसर पर पुलिस विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी, पत्रकार बंधु, ग्राम प्रधान, ताजियादार तथा बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर मुहर्रम पर्व को परंपरागत रीति-रिवाजों के साथ शांतिपूर्ण ढंग से मनाने का संकल्प दोहराया।
