फतेहपुर। बिंदकी तहसील क्षेत्र के ग्राम घनश्यामपुर पोस्ट बनथरा के ग्रामीणों ने गांव के ही भूमाफिया पर पट्टा धारकों की जमीन पर दबंगई के बल पर अवैध कब्जा करने का आरोप लगाते हुए जिलाधिकारी अपूर्वा दुबे को शिकायती पत्र सौंपा। जिसमें मांग किया कि भूमाफिया से जमीन मुक्त कराकर कानूनी कार्रवाई की जाए।
जिलाधिकारी को दिए गए शिकायती पत्र में पट्टा धारकों ने बताया कि वह सभी गरीब व मजदूर हैं। मजदूरी करके परिवार का भरण पोषण करते हैं। गांव का भूमाफिया ज्ञानी पुत्र अयोध्या ने दबंगई के बल पर पट्टे वाली जमीन पर कब्जा कर रहा है, क्योंकि यह जमीन रोड से मिली हुई है। बताया कि इस जमीन की गाटा संख्या 378 है। जमीन पर दबंगों ने ताकत के बल पर रात में जेसीबी से गड्ढा व तालाब बना दिया है। जबकि इन दबंगां की इस गाटा संख्या में एक भी जमीन नहीं है। राजस्व की मिलीभगत होने के कारण कोई सुनवाई नहीं हो रही है। इस मामले को लेकर उप जिलाधिकारी बिंदकी के पास गए लेकिन वहां भी कोई सुनवाई नहीं हुई। बताया कि भूमाफिया ने पहले आबादी की जमीन पर जबरन कब्जा करने का प्रसास किया था जिसकी शिकायत पर आबादी की जमीन का सीमांकन करवा दिया गया। पट्टाधारकों ने जिलाधिकारी से मांग किया कि जमीन को भूमाफिया से मुक्त कराकर कानूनी कार्रवाई की जाए। इस मौके पर महावीर, मूलचंद्र, हरिशंकर, सोनेलाल, विजय बहादुर, अजय कुमार, राम प्रकाश, रामकांती, बाबू, बसंती, कुसमा देवी, सुशीला, मंजू, सुशीला भी मौजूद रहीं।
