अपना दल की राष्ट्रीय अध्यक्ष के आवास पर पुलिस की छापेमारी से कार्यकर्ता नाराज
फतेहपुर। अपना दल की राष्ट्रीय अध्यक्ष कृष्णा पटेल एवं डा. पल्लवी पटेल ने प्रदेश के विभिन्न जनपदों में अधिकार यात्रा निकालने की घोषणा से बौखलाई प्रदेश सरकार के इशारे पर राष्ट्रीय अध्यक्ष के आवास पर पुलिस द्वारा की गई छापेमारी से जिले के कार्यकर्ताओं में नाराजगी दिखी। उन्होने लोकतांत्रिक तरीके से चल रहे कार्यक्रमों को प्रदेश सरकार द्वारा रोके जाने का आरोप लगाया। तत्पश्चात कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन कर राज्यपाल से मामले की उच्च स्तरीय न्यायिक जांच कराए जाने की मांग की।
अपना दल के जिलाध्यक्ष सत्य नारायण पटेल की अगुवाई में पदाधिकारी पार्टी का झंडा लेकर कलेक्ट्रेट पहुंचे और नारेबाजी करते हुए प्रदेश सरकार को जमकर कोसा। प्रदेश सरकार पर लोकतांत्रिक तरीके से किए जा रहे कार्यक्रमों को रोके जाने का आरोप मढ़ा। तत्पश्चात राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन उप जिलाधिकारी को सौंपकर बताया कि 22 अक्टूबर को सारनाथ वाराणसी से अपना दल ने एक अधिकार यात्रा प्रदेश के विभिन्न जनपदों के लिए निकालना प्रस्तावित किया था। इस संदर्भ में मुख्य सचिव को लिखित सूचना दी गई थी। स्थानीय स्तर पर भी अधिकारियों को वार्ता कर अवगत कराया गया था। बताया कि गुरूवार की रात अचानक अपना दल की राष्ट्रीय अध्यक्ष कृष्णा पटेल व डा. पल्लवी पटेल के वाराणसी स्थित आवास पर पुलिस ने छापेमारी की। साथ ही वाराणसी जनपद के राष्ट्रीय, प्रांतीय एवं जिला स्तर के नेताओं के घर पर भी दबिश दी जा रही है। लोकतांत्रिक तरीके से चल रहे कार्यक्रमों को राज्य सरकार पुलि बल का दुरूपयोग कर रोक रही है। पार्टी नेताओं ने राज्यपाल से घटनाक्रम से अवगत होकर उच्च स्तरीय न्यायिक जांच करवाकर कार्रवाई करने की मांग की है। ताकि लोकतांत्रिक व्यवस्था कायम रहे। इस मौके पर विद्या प्रसाद पटेल, राजेश पासी, सुशीला सिंह, बाबूराम वर्मा एडवोकेट, जितेन्द्र कुमार पासवान, सत्यदेव वर्मा एडवोकेट, नवल सिंह, छोटू, श्रीनारायण वर्मा एडवोकेट, राजन यादव भी मौजूद रहे।
