Breaking News

टिकरा गांव के डेंगू मरीजों का डीएम ने जाना हाल

Spread the love

फतेहपुर। जिले में पनप रहे डेंगू बुखार को लेकर जिला प्रशासन बेहद चौकन्ना है। गुरूवार जिलाधिकारी अपूर्वा दुबे ने देवमई विकास खंड के टिकरा गांव का निरीक्षण कर डेंगू मरीजों का हाल जाना। उन्होने ग्राम प्रधान को बेहतर साफ-सफाई रखने के निर्देश दिए। इसके अलावा पीएचसी प्रभारी चिकित्सा अधिकारी को कैंप के माध्यम से जांच कराए जाने की भी हिदायत दी।
जिलाधिकारी अपूर्वा दुबे अधीनस्थों संग टिकरा गांव पहुंची। इन दिनों गांव में कई लोग डेंगू की चपेट में आकर चारपाई पकड़े हैं। जिलाधिकारी ने गांव की गलियों का भ्रमण किया। उन्होने फैली गंदगी पर नाराजगी भी जताई। मरीज शहनाज व रमेश के घर पहुंचकर उनका हालचाल लिया। डीएम ने ग्राम प्रधान वंदना मिश्रा से गलियों में पड़े गोबरों के ढेर हटवाने, नालियों के साथ-साथ गलियों की बेहतर साफ-सफाई कराए जाने के निर्देश दिए। उन्होने पीएचसी प्रभारी चिकित्सा अधिकारी मनीष शुक्ला को निर्देशित किया कि गांव में कैंप लगाकर जांच के लिए सैंपल लें और मरीज मिलने पर जिला प्रशासन को अवगत कराया जाए। गांव की नालियों में एंटी लार्वा, दवा छिड़काव व फागिंग भी कराई जाए। जिलाधिकारी ने कहा कि डेंगू बुखार को फैलने से रोकने के लिए सतर्क रहें। अपने आस-पास साफ-सफाई बनाएं रखें। शासन द्वारा जारी निर्देशों का पालन करें। इस मौके पर उप जिलाधिकारी बिंदकी विजय शंकर तिवारी, एडीओ पंचायत अरविंद पटेल, खंड विकास अधिकारी प्रतिमा वर्मा सहित अन्य उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published.

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial