आजमगढ़ :- संगीत महाविद्यालय हरिहरपुर क्षेत्र में रामजतन गोंड़ व रामनयन गोंड़ का बना-बनाया मकान बुलडोजर चलाकर ध्वस्त किए जाने का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। इस घटना को लेकर क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है। सोमवार को सांसद धर्मेंद्र यादव, ने पीड़ित परिवार से मुलाक़ात किया और पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली।
पीड़ित परिवार से बातचीत के बाद सांसद धर्मेंद्र यादव ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार में पी.डी.ए. (पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक) समाज के लोगों के साथ लगातार दमन, उत्पीड़न और अत्याचार हो रहा है। उन्होंने कहा कि रामजतन गोंड़ और रामनयन गोंड़ पी.डी.ए. परिवार से हैं और इसी कारण उनके मकान को मनमाने ढंग से बुलडोजर लगाकर गिराया गया। सांसद ने इस कार्रवाई की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी ऐसे अन्याय के खिलाफ कभी चुप नहीं बैठेगी और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए संघर्षरत रहेगी।
धर्मेंद्र यादव ने आगे कहा कि मौजूदा भारतीय जनता पार्टी की सरकार तानाशाही रवैया अपना चुकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि दलितों, पिछड़ों, अल्पसंख्यकों, महिलाओं, किसानों, छात्रों, नौजवानों और बेरोजगारों पर लगातार जुल्म हो रहा है। भाजपा शासन में चारों तरफ भ्रष्टाचार फैला हुआ है और जनता की बुनियादी जरूरतों की अनदेखी की जा रही है।
सांसद ने यह भी कहा कि भाजपा सरकार में साधु-संतों और महात्माओं पर भी अत्याचार किए जा रहे हैं तथा धार्मिक स्थलों को तोड़ा जा रहा है। शिक्षा, रोजगार और स्वास्थ्य सुविधाओं के नाम पर जनता से खुली लूट की जा रही है, जिससे आम आदमी त्रस्त है।
इस मौके पर समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष हवलदार यादव ने कहा कि भाजपा सरकार में पी.डी.ए. समाज के लोगों को जानबूझकर निशाना बनाया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस सरकार में संविधान और लोकतंत्र दोनों खतरे में हैं।
पीड़ित परिवार के समर्थन में कई वरिष्ठ नेता भी मौके पर मौजूद रहे, जिनमें पूर्व मंत्री चंद्रदेव राम यादव करैली, जिला पंचायत अध्यक्ष विजय यादव, पूर्व विधायक श्याम बहादुर सिंह यादव, अजीत कुमार राव, पप्पू कुमार यादव, जवाहिर यादव और बिबेक सिंह सहित अन्य नेता शामिल थे। नेताओं ने एक स्वर में पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग की और प्रशासन से निष्पक्ष कार्रवाई की अपील की।
