Breaking News

आजमगढ़ में गरीबों के आशियाने पर चला बुलडोजर, सपा ने डीएम से लगाई न्याय की गुहार

Spread the love

आजमगढ़। जनपद के हरिहरपुर गांव में संगीत महाविद्यालय के पास  गरीब परिवारों के मकान ध्वस्तीकरण का मामला अब सियासी रंग ले चुका है। रामजतन गोड़ और रामनयन गोड़ के मकानों को प्रशासन द्वारा गिराए जाने के विरोध में समाजवादी पार्टी का एक प्रतिनिधिमंडल जिलाध्यक्ष हवलदार यादव के नेतृत्व में जिलाधिकारी आजमगढ़ से मिला और पीड़ित परिवारों को न्याय व मुआवजा दिलाने की मांग उठाई।

सपा नेताओं का आरोप है कि ग्राम हरिहरपुर, थाना कंधरापुर के निवासी रामजतन गोड़ एवं रामनयन गोड़ भूमिधरी जमीन गाटा संख्या 68 पर वर्षों से काबिज थे। इसी भूमि पर उन्होंने मेहनत और कर्ज के सहारे अपना मकान बनाया था। लेकिन 23 दिसंबर 2025 की सुबह करीब पांच बजे भारी पुलिस बल की मौजूदगी में विकास प्राधिकरण ने जिलाधिकारी के आदेश पर दोनों मकानों को ध्वस्त कर दिया। पीड़ितों के अनुसार जब उन्होंने कारण पूछा तो अधिकारियों ने बताया कि मकान बनने से संगीत महाविद्यालय की “शोभा” प्रभावित हो रही है और नक्शा पास नहीं है।

समाजवादी पार्टी का कहना है कि यह कार्रवाई पूरी तरह अन्यायपूर्ण है। सपा नेताओं ने बताया कि जब संगीत महाविद्यालय के निर्माण के लिए गांव में भूमि उपलब्ध नहीं हो पा रही थी, तब इन्हीं रामजतन गोड़ और रामनयन गोड़ ने अपनी भूमिधरी जमीन में से 0.200 हेक्टेयर भूमि विनिमय के माध्यम से महाविद्यालय को दी थी, जिस पर आज भव्य भवन बनकर तैयार है। बदले में उन्हें मौजा आदिपुर की गाटा संख्या 121-क में भूमि दी गई थी।

सपा जिलाध्यक्ष हवलदार यादव ने कहा कि दोनों परिवार बेहद गरीब, असहाय और अनुसूचित जाति से आते हैं। उनकी आय का कोई स्थायी स्रोत नहीं है। मकान टूटने से उनका भारी आर्थिक नुकसान हुआ है और वे मानसिक रूप से टूट चुके हैं। ऐसे में गिराए गए मकानों की क्षतिपूर्ति किया जाना न्याय हित में जरूरी है।

हवलदार यादव ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि मौजूदा सरकार में अनुसूचित जाति, पिछड़े, अल्पसंख्यक और कमजोर वर्गों पर लगातार जुल्म हो रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार तानाशाही रवैया अपनाए हुए है, संविधान को दरकिनार कर फैसले लिए जा रहे हैं और आरक्षण के नाम पर भी घोटाले हो रहे हैं। छात्र, नौजवान, किसान और बेरोजगार न्याय के लिए दर-दर भटकने को मजबूर हैं।

प्रतिनिधिमंडल में विधायक व पूर्व मंत्री दुर्गा प्रसाद यादव, पूर्व सांसद नंदकिशोर यादव, विधायक बेचई सरोज, जिला पंचायत सदस्य पप्पू यादव सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। सपा नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि पीड़ित परिवारों को न्याय नहीं मिला तो पार्टी सड़क से सदन तक संघर्ष करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published.

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial