आजमगढ़ :- निजामाबाद थाना क्षेत्र में पुलिस ने ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए मुठभेड़ के दौरान एक शातिर अन्तर्जनपदीय टप्पेबाज को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान जौनपुर जनपद के गौराबादशाहपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत सोनारी निवासी कृष्ण मुरारी मिश्रा उर्फ पिन्टू के रूप में हुई है। पुलिस ने अभियुक्त के कब्जे से करीब 1.25 लाख रुपये मूल्य के ठगी किए गए सोने के जेवरात, 25 हजार रुपये नकद, एक अवैध तमंचा, जिंदा व खोखा कारतूस, मोबाइल फोन तथा घटना में प्रयुक्त बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल बरामद की है।
एसपी सिटी मधुबन कुमार सिंह ने बताया कि बीते 18 दिसंबर को थाना निजामाबाद क्षेत्र के ग्राम बड़हरिया में एक ठगी की घटना सामने आई थी। आरोप है कि अभियुक्त ने पूजा-पाठ कराने के बहाने महेन्द्र मौर्य के घर में प्रवेश कर महिलाओं को अपने झांसे में लिया और उनसे सोने के जेवरात—दो झुमके, मंगलसूत्र और एक जोड़ी बाली—ठगकर फरार हो गया। इस मामले में थाना निजामाबाद पर मुकदमा अपराध संख्या 412/25, धारा 318(4) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया था।
घटना के बाद पुलिस ने जांच शुरू की और ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए। जांच के दौरान अभियुक्त कृष्ण मुरारी मिश्रा उर्फ पिन्टू का नाम प्रकाश में आया। पुलिस को आज सुबह मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी बड़ागांव नहर पुलिया के पास ठगी के जेवरात बेचने के लिए ग्राहक का इंतजार कर रहा है। सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने उसे आत्मसमर्पण करने को कहा, लेकिन अभियुक्त ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में गोली अभियुक्त के दाहिने पैर में लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
घायल अभियुक्त को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रानी की सराय भेजा गया। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी ग्रामीण इलाकों में खुद को साधु या पंडित बताकर पूजा-पाठ के नाम पर घरों में प्रवेश करता था। वह महिलाओं को अनिष्ट या दोष का भय दिखाकर उनका विश्वास जीतता और पूजा के नाम पर कीमती जेवरात मंगवाकर मंत्र पढ़ने का नाटक करता था। मौका मिलते ही वह जेवरात लेकर फरार हो जाता और उन्हें बेचकर स्थान बदल लेता था।
पुलिस ने अभियुक्त के खिलाफ आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
