Breaking News

सलमान खान की ‘बैटल ऑफ गलवान’ का टीजर रिलीज, रोंगटे खड़े कर देने वाला देशभक्ति का तूफान

Spread the love

मुंबई। जिस पल का दर्शकों को बेसब्री से इंतजार था, आखिरकार वह आ ही गया। सलमान खान स्टारर बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘बैटल ऑफ गलवान’ का टीजर रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर तहलका मच गया है। टीजर में सलमान का अंदाज, दमदार डायलॉग्स और देशभक्ति से लबरेज दृश्य देखकर दर्शकों के रोंगटे खड़े हो रहे हैं। यह फिल्म साल 2020 में भारत-चीन के बीच गलवान घाटी में हुई ऐतिहासिक झड़प और उसमें शहीद हुए वीर सैनिकों को समर्पित है।

फिल्म में सलमान खान कर्नल बी. संतोष बाबू का किरदार निभा रहे हैं, जो गलवान घाटी संघर्ष में शहीद हुए थे। वह 16 बिहार रेजिमेंट के कमांडिंग अफसर थे और उनके अदम्य साहस के लिए उन्हें मरणोपरांत देश के दूसरे सर्वोच्च वीरता सम्मान महावीर चक्र से नवाजा गया था। ‘बैटल ऑफ गलवान’ सिर्फ एक फिल्म नहीं, बल्कि उन जांबाज सैनिकों को सच्ची श्रद्धांजलि है, जिन्होंने मातृभूमि की रक्षा में अपने प्राण न्योछावर कर दिए।

टीजर की शुरुआत लद्दाख की बर्फीली गलवान घाटी से होती है, जहां सलमान खान सैनिकों को संबोधित करते नजर आते हैं। उनका डायलॉग—
“जवानों याद रहे, जख्म लगे तो मेडल समझना और मौत दिखे तो सलाम करना… और कहना—बिरसा मुंडा की जय, बजरंग बली की जय, भारत माता की जय।”
इस संवाद के साथ ही टीजर देशभक्ति की ऊंचाइयों को छूने लगता है।

इसके बाद एक जबरदस्त एक्शन सीन सामने आता है, जिसमें सलमान हाथ में लकड़ी का मोटा लट्ठ लिए चीनी सैनिकों के सामने सीना तानकर खड़े दिखते हैं। उनकी कनपटी से बहता खून, आंखों में गुस्सा और चेहरे पर देश के लिए कुछ भी कर गुजरने का जज्बा साफ नजर आता है। बिना गोली और बंदूक के लड़ी गई उस ऐतिहासिक लड़ाई की झलक टीजर में बेहद प्रभावशाली तरीके से दिखाई गई है।

टीजर के अंत में सलमान का एक और डायलॉग माहौल को और भी भावुक कर देता है—
“मौत से क्या डरना, उसे तो आना है।”
यह संवाद न सिर्फ किरदार की मानसिक मजबूती को दर्शाता है, बल्कि शहीदों के बलिदान को भी सलाम करता है।

फिल्म में देशभक्ति से भरा गाना ‘मेरा देश मेरी जान है’ भी सुनाई देता है, जिसके बोल सीधे दिल को छू जाते हैं। फिल्म का निर्देशन अपूर्व लाखिया ने किया है, जबकि अहम भूमिका में चित्रांगदा सिंह भी नजर आएंगी। फिल्म का संगीत हिमेश रेशमिया ने दिया है और इसमें कई नए कलाकार भी शामिल हैं।

गौरतलब है कि गलवान घाटी की यह लड़ाई करीब 15,000 फीट की ऊंचाई पर लड़ी गई थी, जहां भारतीय सैनिकों ने बिना किसी हथियार के दुश्मन का डटकर सामना किया था।
‘बैटल ऑफ गलवान’ 17 अप्रैल 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। टीजर ने साफ कर दिया है कि यह फिल्म इमोशन, एक्शन और देशभक्ति का ऐसा संगम होगी, जिसे लंबे समय तक याद रखा जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published.

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial