आज़मगढ़। उत्तर प्रदेश में कानून-व्यवस्था को चुनौती देते हुए दबंगों के हौसले एक बार फिर बुलंद नजर आए हैं। ताजा मामला अतरौलिया थाना क्षेत्र के मदियापार गांव का है, जहां मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। दबंगों द्वारा एक परिवार के साथ की गई बेरहमी से मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही जिले में हड़कंप मच गया है। वीडियो में दिखाई दे रहे दृश्य न सिर्फ भयावह हैं, बल्कि कानून-व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े करते हैं।
मिली जानकारी के अनुसार, पीड़िता कुमारी नीरज पुत्री वासुदेव ने अतरौलिया थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया कि कूड़ा फेंकने को लेकर हुए मामूली विवाद में पड़ोसी पक्ष ने एकजुट होकर उसके परिवार पर हमला कर दिया। आरोप है कि दबंगों ने लाठी-डंडों से हमला कर महिलाओं और पुरुषों को बेरहमी से पीटा, जिससे कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के दौरान किसी व्यक्ति ने मारपीट का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
पीड़िता का आरोप है कि मुख्य आरोपी लालजीत, जो कि ब्लॉक पवई में तैनात ग्राम विकास अधिकारी है और उसका पड़ोसी भी है, अपने पद और रसूख का इस्तेमाल कर रहा है। पीड़िता के अनुसार, आरोपी के प्रभाव के चलते पुलिस ने शुरुआत में उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज करने में टालमटोल की। इतना ही नहीं, आरोपी पक्ष लगातार उस पर मुकदमा वापस लेने का दबाव बना रहा है और जान से मारने की धमकी भी दे रहा है, जिससे पूरा परिवार भय के साये में जीने को मजबूर है।
स्थानीय स्तर पर न्याय न मिलने से आहत पीड़िता ने शुक्रवार को अतरौलिया स्थित निरीक्षण भवन में कैबिनेट मंत्री एवं पंचायती राज मंत्री ओमप्रकाश राजभर से मुलाकात की। पीड़िता ने मंत्री को पूरे मामले से अवगत कराते हुए न्याय की गुहार लगाई और आरोप लगाया कि दबंगों के रसूख के कारण उसे लगातार प्रताड़ित किया जा रहा है। पीड़िता ने मांग की कि आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की जाए और उसके परिवार को सुरक्षा प्रदान की जाए।
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में साफ तौर पर देखा जा सकता है कि किस तरह दबंग बेखौफ होकर एक परिवार के सदस्यों को पीट रहे हैं। चीख-पुकार, अफरातफरी और भय के बीच मानवता को शर्मसार करने वाले दृश्य सामने आए हैं। वीडियो के सामने आने के बाद आमजन में आक्रोश व्याप्त है और लोग आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
इस मामले में पुलिस अधीक्षक ग्रामीण चिराग जैन ने बताया कि सोशल मीडिया पर वायरल मारपीट के वीडियो का संज्ञान लेते हुए पुलिस ने तत्काल कार्रवाई की है। उन्होंने बताया कि पांच नामजद आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा और विधिक कार्रवाई पूरी सख्ती से की जाएगी।
फिलहाल यह मामला जिले में चर्चा का विषय बना हुआ है और अब सभी की निगाहें पुलिस की कार्रवाई पर टिकी हैं कि क्या वायरल वीडियो के बाद दबंगों पर सच में सख्त कार्रवाई हो पाएगी या फिर रसूख एक बार फिर न्याय पर भारी पड़ेगा।
