Breaking News

महादेवी हायर सेकेंडरी स्कूल आजमगढ़ में धूमधाम से मना क्रिसमस डे, नन्हे बच्चों ने दी मनमोहक प्रस्तुतियां

Spread the love

आजमगढ़। महादेवी हायर सेकेंडरी स्कूल में बुधवार को क्रिसमस डे का पर्व हर्षोल्लास और धूमधाम के साथ मनाया गया। पूरे विद्यालय परिसर को आकर्षक सजावट से सजाया गया, जिससे उत्सव का माहौल और भी जीवंत हो गया। कार्यक्रम में विद्यालय के नन्हे-मुन्ने छात्र-छात्राओं की उत्साहपूर्ण भागीदारी देखने को मिली।

मंचीय कार्यक्रम की शुरुआत नर्सरी से लेकर यूकेजी तक के बच्चों की मनमोहक प्रस्तुतियों से हुई। बच्चों ने क्रिसमस थीम पर आधारित समूह नृत्य, गीत और छोटे-छोटे अभिनय प्रस्तुत कर दर्शकों का दिल जीत लिया। इन प्रस्तुतियों के माध्यम से प्रेम, शांति और भाईचारे का संदेश दिया गया। बच्चों ने प्रभु यीशु मसीह के जीवन, उनके त्याग और मानवता के प्रति उनके संदेशों को सरल और भावपूर्ण अंदाज में प्रस्तुत किया, जिसे उपस्थित अभिभावकों और शिक्षकों ने खूब सराहा।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विद्यालय के प्रबंधक डी.पी. मौर्य ने क्रिसमस पर्व के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि क्रिसमस केवल एक पर्व नहीं, बल्कि प्रेम, सेवा, त्याग और आपसी सौहार्द का प्रतीक है। यह पर्व हमें एक-दूसरे के प्रति संवेदनशील बनने और समाज में शांति व भाईचारे की भावना को मजबूत करने की प्रेरणा देता है। उन्होंने विद्यार्थियों से अनुशासन, परिश्रम और नैतिक मूल्यों को अपने जीवन में अपनाने का आह्वान किया, ताकि वे भविष्य में एक अच्छे नागरिक बन सकें।

कार्यक्रम के अंत में सांता क्लॉज का आगमन बच्चों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। जैसे ही सांता क्लॉज मंच पर पहुंचे, बच्चों में खुशी की लहर दौड़ गई। सांता क्लॉज ने नन्हे-मुन्ने बच्चों को चॉकलेट वितरित की, जिससे बच्चों के चेहरे खिल उठे और पूरा वातावरण उल्लास से भर गया।

इस आयोजन को सफल बनाने में विद्यालय परिवार का सराहनीय योगदान रहा। कार्यक्रम की सफलता में प्रधानाचार्य रामनयन मौर्य, उपप्रधानाचार्य एस.एन. यादव, कोऑर्डिनेटर आनंद मौर्य, दिनेश यादव, रामचरण मौर्य, दीपिका सिंह, मीनाक्षी अस्थाना, धीरेंद्र मोहन, किशन यादव, शरद गुप्ता, प्रेमा यादव, आदित्य मिश्रा, राजीव राजभर, निहारिका गुप्ता, अनीता मौर्या, प्रीति गुप्ता, संध्या यादव, जूही राय, सुषमा पांडेय, शालिनी सिंह, वैशाली सिंह, पद्मजा पाल, प्रिया श्रीवास्तव, पूजा राय, अंजली सिंह, संजू मैम, पूजा यादव सहित अन्य शिक्षक-शिक्षिकाओं का विशेष योगदान रहा।

कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित अभिभावकों ने विद्यालय प्रबंधन और शिक्षकों की प्रशंसा करते हुए बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए ऐसे आयोजनों को अत्यंत उपयोगी बताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published.

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial