भारतीय सिनेमा के ‘बाहुबली’ स्टार प्रभास की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘द राजा साब’ की रिलीज जैसे-जैसे नजदीक आ रही है, वैसे-वैसे फैंस का उत्साह चरम पर पहुंचता जा रहा है। हॉरर-फैंटेसी जॉनर में बनी यह बिग बजट फिल्म 9 जनवरी 2026 को सिनेमाघरों में दस्तक देने वाली है। इसी बीच फिल्म के प्री-रिलीज बिजनेस और खासकर OTT डील को लेकर कई बड़े दावे सामने आए हैं, जिन पर अब मेकर्स की ओर से आधिकारिक प्रतिक्रिया भी आ गई है।
दरअसल, एक मीडिया रिपोर्ट में दावा किया गया कि ‘द राजा साब’ ने थिएटर में रिलीज से पहले ही OTT प्लेटफॉर्म के लिए 160 करोड़ रुपये की तगड़ी डील कर ली है। बताया जा रहा है कि यह रकम अब तक किसी भी तेलुगू फिल्म के लिए सबसे बड़ी डिजिटल डील मानी जा रही है। रिपोर्ट के मुताबिक, इससे पहले प्रभास की फिल्म ‘कल्कि 2898 AD’ के OTT राइट्स करीब 140 करोड़ रुपये में बिके थे, ऐसे में ‘द राजा साब’ ने यह रिकॉर्ड भी तोड़ दिया है।
इतना ही नहीं, रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि फिल्म के निर्माता टीजी विश्व प्रसाद थिएट्रिकल राइट्स के लिए भी करीब 200 करोड़ रुपये से ज्यादा की डील पर बातचीत कर रहे हैं। यानी फिल्म का कुल प्री-रिलीज बिजनेस आंकड़ा इंडस्ट्री में चर्चा का बड़ा विषय बन गया है। हालांकि, इन तमाम अटकलों के बीच अब खुद प्रोड्यूसर ने सामने आकर स्थिति साफ की है।
फिल्म के प्रोड्यूसर टीजी विश्व प्रसाद ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पूर्व में ट्विटर) पर एक बयान जारी करते हुए कहा कि उनकी टीम कभी भी फिल्म के अंदरूनी खर्चों या बिजनेस नंबर्स को सार्वजनिक रूप से साझा नहीं करती। उन्होंने लिखा, “हमारी सबसे बड़ी फिल्म के बिजनेस को लेकर काफी शोर हो रहा है, लेकिन हमारे और फैंस के लिए असली मायने यह रखता है कि फिल्म थिएटर में कितना प्रभाव छोड़ती है। थिएटर रिलीज के बाद ही हम आधिकारिक तौर पर वर्ल्डवाइड कलेक्शन के आंकड़े साझा करेंगे।”
उन्होंने आगे कहा कि मौजूदा दौर में नॉन-थिएट्रिकल मार्केट में नेचुरल करेक्शन देखने को मिल रहा है, जबकि असली फैसला आज भी थिएटर ही करते हैं। साथ ही उन्होंने साफ कहा कि ‘द राजा साब’ की किसी दूसरी फिल्म से तुलना करना बेकार है, क्योंकि यह एक बड़ी हॉरर-फैंटेसी फिल्म है, जिसे खास तौर पर बड़े पर्दे के लिए तैयार किया गया है।
गौरतलब है कि मारुति के निर्देशन में बन रही इस फिल्म में प्रभास के साथ संजय दत्त, बोमन ईरानी, मालविका मोहनन, निधि अग्रवाल, रिद्धि कुमार और जरीना वहाब अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। करीब 400 करोड़ रुपये से ज्यादा के बजट में बनी यह फिल्म हिंदी समेत कई भाषाओं में रिलीज होगी।
फिल्म का ट्रेलर सितंबर में रिलीज किया गया था, जिसमें बताया गया कि कहानी एक रहस्यमयी हवेली के इर्द-गिर्द घूमती है। इस हवेली का सेट करीब 41,256 वर्ग फुट में तैयार किया गया है, जिसे आर्ट डायरेक्टर राजीव नंबियार ने डिजाइन किया है। मेकर्स का दावा है कि दर्शकों को भारतीय सिनेमा में ऐसा हॉरर-फैंटेसी अनुभव पहले कभी देखने को नहीं मिला होगा।
कुल मिलाकर, ‘द राजा साब’ को लेकर चर्चाएं जितनी तेज हैं, उतनी ही उम्मीदें भी। अब देखना दिलचस्प होगा कि प्रभास की यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर कितना बड़ा धमाका करती है।
