आजमगढ़ जिले के अतरौलिया थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई, जब लिंक एक्सप्रेसवे के किनारे एक पेड़ से युवक का शव रस्सी के सहारे लटकता मिला। मृतक की पहचान अंबेडकर नगर जनपद के छात्रा स्नेहा हत्याकांड में नामजद आरोपी सौरभ गौड़ (20) के रूप में हुई। शव मिलने की खबर से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।
स्थानीय लोगों ने सुबह करीब आठ बजे जमीन नंदना गांव के पास युवक का शव पेड़ से लटकता देखा। इसके बाद तुरंत डायल 112 पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची अतरौलिया थाना पुलिस ने शव को नीचे उतरवाया और पहचान की प्रक्रिया शुरू की। फॉरेंसिक टीम को भी घटनास्थल पर बुलाया गया, जिसने साक्ष्य संकलन किया।
पुलिस जांच में शव की पहचान सौरभ गौड़ पुत्र स्वर्गीय कैलाश, निवासी ग्राम खरवईया, जनपद अंबेडकर नगर के रूप में हुई। सौरभ अंबेडकर नगर के थाना राजेसुल्तानपुर क्षेत्र की छात्रा स्नेहा की हत्या के मामले में नामजद आरोपी था। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना जहांगीरगंज के प्रभारी अजय प्रताप सिंह और क्षेत्राधिकारी आलापुर प्रदीप सिंह चंदेल भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
पुलिस के अनुसार, सौरभ और छात्रा स्नेहा के बीच पिछले करीब एक वर्ष से प्रेम संबंध थे। एक वर्ष पहले सौरभ छात्रा के घर गया था, जहां परिजनों ने उसे पकड़ लिया था। इसके बाद उसके खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया गया और वह जेल भेजा गया। नवंबर माह में सौरभ जमानत पर बाहर आया था।
जानकारी के मुताबिक 2 दिसंबर को छात्रा स्नेहा अचानक घर से लापता हो गई थी। इसके बाद 4 दिसंबर को परिजनों ने राजेसुल्तानपुर थाने में सौरभ के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया। करीब दो सप्ताह बाद, 20 दिसंबर को स्नेहा का शव उसके घर से लगभग 100 मीटर की दूरी पर बरामद हुआ। इस घटना के बाद पुलिस ने सौरभ के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी थी।
इस बीच बुधवार सुबह सौरभ का शव आजमगढ़ के अतरौलिया क्षेत्र में मिलने से मामला और उलझ गया। पुलिस को मृतक की पैंट से लिखा हुआ एक सुसाइड नोट भी मिला है। सुसाइड नोट में सौरभ ने खुद को निर्दोष बताते हुए लिखा है—
“मैं बेकसूर हूं, मैंने स्नेहा को नहीं मारा। प्लीज उसकी मोबाइल की कॉल डिटेल निकलवाइए। मेरे मरने का कारण स्नेहा के घर वाले और राजेसुल्तानपुर का दरोगा ठाकुर हैं।”
सुसाइड नोट मिलने के बाद मामला और संवेदनशील हो गया है। अंबेडकर नगर पुलिस भी पूरी तरह सतर्क हो गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और कॉल डिटेल रिकॉर्ड, फॉरेंसिक रिपोर्ट व अन्य साक्ष्यों के आधार पर ही आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस आत्महत्या और अन्य सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए गहन जांच में जुटी हुई है।
