Breaking News

आज़मगढ़ : मुबारकपुर में सेंट्रल पब्लिक स्कूल का 13वां स्थापना दिवस धूमधाम से मनाया गया

Spread the love

रिपोर्ट : मो. शकीब अंसारी

आज़मगढ़ : सेंट्रल पब्लिक स्कूल मुबारकपुर में रविवार को 13वां स्थापना दिवस समारोह पूरे हर्षोल्लास और गरिमामय माहौल में आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) सुनील कुमार सिंह ने दीप प्रज्ज्वलित कर तथा मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण कर किया। समारोह में विद्यालय परिवार, अभिभावकों और क्षेत्र के गणमान्य लोगों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही।

स्थापना दिवस के अवसर पर विद्यालय परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया था। कार्यक्रम की शुरुआत छात्र-छात्राओं द्वारा प्रस्तुत सरस्वती वंदना और स्वागत गीत से हुई, जिसने पूरे वातावरण को भक्तिमय और उत्साहपूर्ण बना दिया। इसके बाद विद्यार्थियों ने एक से बढ़कर एक रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। नर्सरी और केजी कक्षा के नन्हे-मुन्ने बच्चों ने नववर्ष और क्रिसमस डे की थीम पर मनमोहक नृत्य प्रस्तुत कर खूब तालियां बटोरीं।

समारोह के दौरान कक्षा एक के विद्यार्थियों के एक समूह ने कव्वाली के माध्यम से शिक्षा के महत्व को रेखांकित किया। बच्चों की इस प्रस्तुति ने यह संदेश दिया कि शिक्षा ही जीवन को सही दिशा देने का सबसे सशक्त माध्यम है। विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों में बच्चों का आत्मविश्वास, अनुशासन और रचनात्मकता स्पष्ट रूप से देखने को मिली, जिसकी अभिभावकों और अतिथियों ने मुक्त कंठ से सराहना की।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि डीआईजी सुनील कुमार सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि शिक्षा समाज और राष्ट्र के विकास की नींव है। उन्होंने विद्यालय प्रबंधन की सराहना करते हुए कहा कि सेंट्रल पब्लिक स्कूल मुबारकपुर न केवल बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा दे रहा है, बल्कि उन्हें संस्कारवान और जिम्मेदार नागरिक बनाने का भी कार्य कर रहा है। उन्होंने विद्यार्थियों को अनुशासन, मेहनत और लक्ष्य के प्रति समर्पण के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया।

विद्यालय की प्राचार्या रेखा ने अपने वक्तव्य में कहा कि शिक्षा ऐसा धन है, जो खर्च करने से कम नहीं होता बल्कि और अधिक बढ़ता है। उन्होंने बताया कि सेंट्रल पब्लिक स्कूल की स्थापना 21 दिसंबर 2012 को की गई थी और तब से लेकर आज तक यह संस्था बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि विद्यालय का उद्देश्य बच्चों को केवल किताबी ज्ञान देना नहीं, बल्कि उन्हें जीवन के हर क्षेत्र में सफल बनने के लिए तैयार करना है।

समारोह के अंत में विद्यालय के संस्थापक आयज अहमद खां ने सभी अतिथियों, अभिभावकों और कार्यक्रम में सहयोग करने वाले लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर नवाज खां, प्रवीण सिंह, ज़मीर अहमद अंसारी, सुरेंद्र यादव, रमेश, मोहम्मद अजमल उर्फ राशिद, मन्नान, मिंटू मिर्ज़ा सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे। स्थापना दिवस समारोह विद्यालय के इतिहास में एक यादगार आयोजन के रूप में दर्ज हो गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published.

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial