Breaking News

आजमगढ़ में 24 से 28 दिसंबर तक होगा भव्य आजमगढ़ महोत्सव, लोगो व थीम सांग का हुआ लोकार्पण

Spread the love

आजमगढ़। आजमगढ़ में जिले की सांस्कृतिक, साहित्यिक और लोक विरासत को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से आयोजित होने वाला आजमगढ़ महोत्सव इस वर्ष 24 दिसंबर से 28 दिसंबर तक आयोजित किया जाएगा। महोत्सव का शुभारम्भ 24 दिसंबर को राजकीय पॉलिटेक्निक मैदान, आजमगढ़ में किया जाएगा। पांच दिवसीय यह महोत्सव प्रतिदिन शाम 4:00 बजे से रात्रि 9:00 बजे तक चलेगा।

महोत्सव की तैयारियों को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय है। इसी क्रम में जिला कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) और मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) की उपस्थिति में आजमगढ़ महोत्सव का लोगो और थीम सांग आधिकारिक रूप से लॉन्च किया गया। अधिकारियों ने बताया कि यह महोत्सव हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी जिले की समृद्ध सांस्कृतिक पहचान को उजागर करने का कार्य करेगा।

महोत्सव में बाहरी कलाकारों के साथ-साथ स्थानीय कलाकारों को भी मंच प्रदान किया जाएगा। कार्यक्रमों की श्रृंखला में स्कूली बच्चों की प्रस्तुतियां, स्थानीय कलाकारों के सांस्कृतिक कार्यक्रम, ग़ज़ल संध्या, भजन संध्या, कवि सम्मेलन, बॉलीवुड नाइट और भोजपुरी नाइट जैसे आकर्षक आयोजन शामिल किए गए हैं। हर दिन अलग-अलग थीम पर कार्यक्रम आयोजित होंगे, जिससे दर्शकों को विविध मनोरंजन का अवसर मिलेगा।

व्यावसायिक और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से महोत्सव में वन डिस्ट्रिक्ट, वन प्रोडक्ट (ODOP) के स्टॉल लगाए जाएंगे। इसके साथ ही खादी ग्रामोद्योग, विभिन्न विभागीय योजनाओं के स्टॉल, वाहन प्रदर्शनी, फूड कोर्ट, मेला, झूले और फन फेयर भी लोगों के आकर्षण का केंद्र रहेंगे।

इस संबंध में एसएसपी ने बताया कि महोत्सव के दौरान सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रहेगी और भीड़ प्रबंधन के लिए विशेष इंतजाम किए जाएंगे, ताकि किसी भी आगंतुक को असुविधा न हो। वहीं जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि पूर्व वर्षों में मिली शिकायतों को ध्यान में रखते हुए इस बार सभी व्यवस्थाएं पारदर्शी और सुव्यवस्थित रखी जाएंगी। उन्होंने यह भी कहा कि महोत्सव के नाम पर किसी प्रकार का चंदा नहीं लिया जाएगा। कार्यक्रम में शामिल होने वाले पेड कलाकारों का खर्च सामाजिक संगठनों द्वारा स्वयं वहन किया जाएगा।

जिला प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि वे परिवार सहित इस महोत्सव में भाग लेकर आजमगढ़ की सांस्कृतिक धरोहर का आनंद लें।

Leave a Reply

Your email address will not be published.

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial