आजमगढ़। आजमगढ़ जिले के जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र में बुधवार शाम पुलिस और पशु तस्करों के बीच मुठभेड़ हो गई। मुठभेड़ के दौरान पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक पशु तस्कर के दाहिने पैर में गोली लग गई। घायल अवस्था में उसे पुलिस हिरासत में लेकर उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। घायल अभियुक्त की पहचान अशहद निवासी चांदपार, थाना जीयनपुर के रूप में हुई है, जिस पर चोरी और गैंगस्टर एक्ट समेत कई आपराधिक मुकदमे दर्ज बताए जा रहे हैं।
पुलिस के अनुसार, जीयनपुर कोतवाली पुलिस द्वारा केशवपुर स्थित वन विभाग कार्यालय के पास सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान एक चार पहिया वाहन जिले की ओर से जीयनपुर की ओर आता दिखाई दिया। पुलिस द्वारा वाहन को रोकने का इशारा किए जाने पर चालक ने भागने का प्रयास किया और पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें अभियुक्त अशहद के दाहिने पैर में गोली लग गई और वह मौके पर ही गिर पड़ा।
घायल अभियुक्त को तुरंत पुलिस अभिरक्षा में लेकर अस्पताल भेजा गया। मौके से पुलिस ने अभियुक्त के कब्जे से एक नाजायज तमंचा, तीन खोखा व एक जिंदा कारतूस, घटना में प्रयुक्त चार पहिया वाहन, प्रतिबंधित 19 किलोग्राम गोमांस तथा 1400 रुपये नकद बरामद किए हैं।
पुलिस पूछताछ में अभियुक्त ने स्वीकार किया कि वह ग्राम के सिवान या एकांत स्थानों में गोवंश का अवैध रूप से वध करता था। वध के बाद प्रतिबंधित मांस को छोटे-छोटे टुकड़ों में काटकर चार पहिया वाहन के माध्यम से चोरी-छिपे विभिन्न स्थानों पर ले जाकर फुटकर बिक्री करता था, ताकि किसी को शक न हो। अभियुक्त ने यह भी बताया कि वह पुलिस की नजर से बचने के लिए समय और स्थान बदल-बदलकर बिक्री करता था तथा ग्राहकों से नकद भुगतान लेता था।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अभियुक्त के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है। बरामद वाहन व अन्य सामग्री को कब्जे में लेकर जांच आगे बढ़ाई जा रही है। क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए चेकिंग अभियान और सघन किया जाएगा। पुलिस का कहना है कि पशु तस्करी में संलिप्त अन्य आरोपियों की तलाश भी जारी है।
