Breaking News

लखनऊ जंबूरी में महादेवी स्कूल के छात्रों का उम्दा प्रदर्शन, आजमगढ़ को मिला गर्व

Spread the love

रिपोर्ट – राहुल मौर्या 

आजमगढ़। सिधारी तिवारीपुर स्थित महादेवी हॉयर सेकेंडरी स्कूल के स्काउट्स-गाइड्स छात्रों ने 19वीं नेशनल डायमंड जुबली जंबूरी, डिफेंस एक्सपो ग्राउंड, स्केटर 15, वृंदावन योजना, लखनऊ (उ.प्र.) में सक्रिय भागीदारी कर जिले का नाम रोशन किया। यह राष्ट्रीय जंबूरी 23 नवंबर से 29 नवंबर 2025 तक आयोजित हुई, जिसमें विद्यालय के 20 छात्र एवं स्काउट मास्टर, साथ ही आजमगढ़ मंडल कंटीजेंट लीडर के रूप में यूनिट लीडर राहुल तिवारी सहभागिता कर रहे थे।

इस राष्ट्रीय आयोजन में शामिल होकर छात्रों ने टीम-वर्क, नेतृत्व, अनुशासन तथा सहयोग की भावना को और अधिक मजबूत किया। साथ ही देशभर से आए विभिन्न राज्यों के स्काउट्स–गाइड्स से मिलकर अनुभव साझा किए, जिससे उनका आत्मविश्वास व कौशल और विकसित हुआ।

जंबूरी के दौरान छात्रों ने मार्च पास्ट, कलर पार्टी, पुलिस व आर्मी की प्रदर्शनी, गैजेट्स निर्माण, सांस्कृतिक कार्यक्रम और ग्रैंड कैंपफायर जैसी विविध गतिविधियों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। इसके अलावा बौद्धिक, एडवेंचर तथा इंटीग्रेशन गतिविधियों में भी उन्होंने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

विशेष रूप से स्कूल के छात्र अमृत राज सिंह व मिथिलेश कन्नौजिया ने मार्च पास्ट में शानदार प्रदर्शन किया। वहीं सुधांशु दुबे, अंशुमान प्रताप यादव और शिवा यादव ने स्किल व रामा गतिविधियों में अपने नेतृत्वकर्ता राहुल तिवारी के साथ मिलकर आजमगढ़ मंडल का प्रतिनिधित्व किया।

स्काउट्स-गाइड्स टीम ने आर्ट एंड क्राफ्ट गतिविधियों के अंतर्गत आजमगढ़ मंडल की ओर से एक आकर्षक सेल्फी स्टैंड तैयार किया तथा मनमोहक चित्र व रंगोलियां भी प्रस्तुत कीं, जिनकी सभी ने सराहना की।

कार्यक्रम के दौरान विद्यालय प्रबंधक डी.पी. मौर्य व लीडर ट्रेनर ने कैम्प स्थल पर पहुंचकर विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने छात्रों की उपलब्धियों की भरपूर प्रशंसा करते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दीं। इस अवसर पर उन्होंने टीम के साथ नाश्ता भी किया और आगे आने वाले प्रयासों में हर संभव सहयोग देने का आश्वासन दिया।

महादेवी हॉयर सेकेंडरी स्कूल परिवार ने इस उपलब्धि पर खुशी व्यक्त की और कहा कि विद्यार्थियों ने राष्ट्रीय मंच पर स्वयं को साबित कर विद्यालय और जिले का गौरव बढ़ाया है। जंबूरी से जो अनुशासन, नेतृत्व, सेवा और सहयोग की शिक्षा छात्रों को मिली है, वह उनके विद्यालय जीवन के साथ-साथ व्यक्तिगत विकास में भी महत्वपूर्ण सिद्ध होगी।

जिले में वापसी पर विद्यालय के प्रबंधक डी.पी. मौर्य एवं प्रधानाचार्य रामनयन मौर्य ने स्काउट दल का स्वागत करते हुए उन्हें हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं और कहा कि ऐसे आयोजन छात्रों के भविष्य निर्माण में मील का पत्थर साबित होते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published.

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial