मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मिले विधायक बारा डॉ. वाचस्पति
प्रयागराज, बारा। बारा विधानसभा के भाजपा विधायक डॉ. वाचस्पति ने रविवार को लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात कर क्षेत्र के विकास, किसानों-मजदूरों की समस्याओं और आगामी कुंभ से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की। इस मुलाकात को राजनीतिक तौर पर बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि विधायक ने न सिर्फ स्थानीय जरूरतों को मजबूती से उठाया, बल्कि कई ऐसी योजनाओं के लिए भी आवाज बुलंद की, जिनका सीधा असर बारा क्षेत्र की बुनियादी सुविधाओं और जनता के जीवन स्तर पर पड़ेगा।
सूत्रों के अनुसार, बातचीत के दौरान विधायक डॉ. वाचस्पति ने मुख्यमंत्री के सामने स्पष्ट कहा कि बारा क्षेत्र की कई प्रमुख सड़कें जर्जर अवस्था में हैं, जिससे आम जनता के आवागमन में भारी दिक्कतें आ रही हैं। उन्होंने निर्माण और सुधार कार्यों को प्राथमिकता देने की मांग रखी। साथ ही आगामी कुंभ मेले को ध्यान में रखते हुए क्षेत्र के प्राचीन मंदिरों के जीर्णोद्धार का विस्तृत प्रस्ताव भी मुख्यमंत्री के सामने रखा, जिसे क्षेत्र की आस्था और पर्यटन के दृष्टिकोण से बेहद महत्वपूर्ण बताया गया।
विधायक ने मझियारी, बुंदेला नाला और देवरा–इटवा मार्ग पर लघु सेतु निर्माण को अत्यंत जरूरी बताते हुए कहा कि इन क्षेत्रों में आवागमन की समस्या लगातार बढ़ती जा रही है। इसी तरह प्रतापपुर में पीपा पुल के स्थान पर स्थाई पुल निर्माण का प्रस्ताव भी रखा गया, जो लंबे समय से स्थानीय जनता की मांग रहा है। जूही व बसहरा में नए विद्युत उपकेंद्र खोलने का मुद्दा उठाकर उन्होंने बिजली आपूर्ति को बेहतर बनाने की दिशा में ठोस कदम की आवश्यकता जताई।
मजदूरों की समस्याओं को लेकर विधायक ने मुख्यमंत्री से बालू, सिलिका सैंड, गिट्टी और पत्थर से जुड़े परमिट देने में राहत और सरलता की मांग की, ताकि क्षेत्र के मजदूरों को रोजगार और आमदनी में सीधी मदद मिल सके। किसानों के लिए भी उन्होंने ब्लास्टिंग कूप, चेक डैम और मध्यम बोरिंग जैसी सुविधाओं को बढ़ाने की मांग रखी, जिससे सिंचाई की समस्या कम हो सके।
विधायक डॉ. वाचस्पति ने शंकरगढ़ में बने जीजीआईसी और आईटीआई संस्थानों को जल्द चालू कराने पर जोर देते हुए कहा कि इससे क्षेत्र के युवाओं को शिक्षा और रोजगार के नए अवसर मिलेंगे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सभी मुद्दों को ध्यानपूर्वक सुना और आवश्यक कार्रवाई जल्द करने का आश्वासन दिया।
