Breaking News

पुलिस लाइन आज़मगढ़ में आधुनिक सुविधाओं का भव्य उद्घाटन, प्रशिक्षण से जनसेवा तक नई पहलें शुरू

Spread the love

आज़मगढ़ – : पुलिस लाइन परिसर में आज कई अत्याधुनिक सुविधाओं और केंद्रों का भव्य उद्घाटन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि पुलिस उप महानिरीक्षक (डीआईजी) आज़मगढ़ परिक्षेत्र श्री सुनील कुमार सिंह तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) डॉ. अनिल कुमार (IPS) सहित जिले के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। मुख्य विकास अधिकारी परिक्षित खटाना, अपर जिलाधिकारी राहुल कुमार, एएसपी नगर मधुबन कुमार सिंह और एएसपी ग्रामीण चिराग जैन ने भी इस ऐतिहासिक आयोजन में सहभागिता की।

कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रहा अत्याधुनिक फायरिंग सिम्यूलेटर “द्रोणाचार्य” का उद्घाटन। यह सिम्यूलेटर पुलिसकर्मियों को वास्तविक परिस्थितियों जैसा प्रशिक्षण प्रदान करेगा, जिससे उनकी फायरिंग दक्षता और प्रतिक्रिया क्षमता में उल्लेखनीय सुधार होगा। साथ ही सरस्वती एवं शारदा नामक दो नए स्मार्ट क्लासरूम का शुभारंभ किया गया, जिनमें प्रोजेक्टर, स्मार्ट बोर्ड और आधुनिक शिक्षण उपकरण उपलब्ध कराए गए हैं।

पुलिसकर्मियों के खानपान की गुणवत्ता सुधारने हेतु नवनिर्मित अन्नपूर्णा पुलिस मेस का भी लोकार्पण हुआ। यहां स्वच्छ, पौष्टिक और संतुलित भोजन की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है, जिससे पुलिस बल को बेहतर कार्य वातावरण मिल सके।

कार्यक्रम के दौरान पुलिस लाइन में आयोजित ब्लड डोनेशन कैंप भी चर्चा का केंद्र रहा। डीआईजी सुनील कुमार सिंह ने कैंप की शुरुआत की, जबकि एसएसपी डॉ. अनिल कुमार स्वयं रक्तदान कर मानवता का संदेश देने वाले प्रथम दाता बने। कुल 18 पुलिसकर्मियों व रिक्रूट महिला आरक्षियों ने रक्तदान किया। सभी दाताओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

आपदा प्रबंधन को मजबूत बनाने के लिए सिविल डिफेंस यूनिट का भी शुभारंभ किया गया। प्रशिक्षित स्वयंसेवक अब किसी भी आपातकालीन स्थिति में तेजी से राहत कार्यों में भाग ले सकेंगे। अधिकारियों ने उपलब्ध उपकरणों, प्रशिक्षण व्यवस्थाओं और कार्यप्रणालियों का निरीक्षण करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

महिला पुलिसकर्मियों के बच्चों की देखभाल के लिए क्रेच हाउस “नन्हे सितारे” की शुरुआत की गई। यह केंद्र सुरक्षित, साफ-सुथरा और शिक्षाप्रद वातावरण प्रदान करेगा, जिससे महिला कर्मियों को अपने दायित्वों का निर्वहन करने में सहायता मिलेगी।

इसी क्रम में थाना कोतवाली नगर में मिशन शक्ति के तहत परिवार परामर्श केंद्र का उद्घाटन हुआ, जहाँ घरेलू विवादों के समाधान, परामर्श और कानूनी सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

इन नई पहलियों का उद्देश्य पुलिसबल को बेहतर प्रशिक्षण, आधुनिक संसाधन और अनुकूल कार्यस्थल उपलब्ध कराना है, जिससे पुलिस की कार्यकुशलता बढ़े और जनसेवा की गुणवत्ता नई ऊँचाइयों को छू सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published.

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial